पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र में शातिर अपराधी का दो मंजिला मकान किया कुर्क
आगरा। ढोल नगाड़ों के साथ अपराधी की संपत्ति कुर्क करने पहुंची पुलिस को देख कोतवाली क्षेत्र में खलबली मच गई। पुलिस ने गैंगस्टर इमरान के करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बने दो मंजिला मकान को कुर्क कर लिया है।
डीसीपी सूरज राय ने बताया कि अपराधी इमरान थाना हरीपर्वत में 299/24 गैंगस्टर एक्ट में नामजद था। इसकी विवेचना न्यू आगरा पुलिस कर रही है। इसने गैंग के साथ मिलकर कई अपराध कर संपत्ति अर्जित की थी।
इसकी संपत्ति को कुर्क करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल पहले कोतवाली में एकत्रित हुआ। यहां से पुलिस बल इमरान की संपत्ति को कुर्क करने के लिए ढोल नगाड़ा बजाते हुए पहुंचा। पुलिस ने धारा 14 ए के तहत यूपी गैंगस्टर एक्ट में अपराधी इमरान का दो मंजिला मकान कुर्क कर लिया।
कुर्की की कार्रवाई डीसीपी सिटी सूरज राय के नेतृत्व में हुई। इस दौरान एसीपी हरीपर्वत आदित्य कुमार, एसीपी कोतवाली सहित बड़ी संख्या में फोर्स मौजूद रहा।