आगरा में छत काटकर घर में घुसे बदमाश, परिवार को बंधक बनाकर 30 किलो से ज्यादा सोना-चांदी लूटा
एत्मादुद्दौला के नगला छदामी में देर रात 6-7 बदमाशों ने छत काटकर घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और करीब 30 किलो से ज्यादा सोना-चांदी व फैक्ट्री का माल लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आगरा। आगरा के एत्मादुद्दौला क्षेत्र के नगला छदामी में देर रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। 6 से 7 बदमाशों के गिरोह ने सुनियोजित तरीके से एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि बदमाश पहले घर की छत काटकर अंदर घुसे और वहां मौजूद लोगों को तमंचे की नोक पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट भी की गई। इसी दौरान गिरोह के अन्य साथी दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हो गए, जिससे परिवार पूरी तरह उनके कब्जे में आ गया।
बदमाशों ने पूरे घर को खंगालते हुए करीब साढ़े 30 किलो से अधिक सोना-चांदी और घर में रखा फैक्ट्री का कीमती माल लूट लिया। पूरी वारदात के दौरान परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर रखा गया, जिससे कोई भी मदद के लिए बाहर नहीं जा सका।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।