पटना में पीएम मोदी के मेगा रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, महिलाओं ने उतारी आरती
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आरा और नवादा में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (2 नवंबर, 2025) को राजधानी पटना पहुंचे और मेगा रोड शो किया।
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले दिनकर गोलंबर पहुंचे और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो प्रारंभ किया। रोड शो के दौरान सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और सांसद रविशंकर प्रसाद भी उनके साथ रहे। रोड शो के दौरान पीएम मोदी हाथ में भाजपा का चुनाव चिह्न कमल का निशान दिखाई दिए।
पीएम मोदी के रोड शो के दौरान उनकी एक झलक देखने के लिए पूरा शहर सड़कों पर उमड़ पड़ा। पीएम मोदी का यह रोड शो गांधी मैदान के निकट उद्योग भवन तक पहुंचा। इस दौरान वे नाला रोड, ठाकुरबाड़ी, बारी पथ और बाकरगंज होकर गुजरे। इस दौरान वे पटना के सभी एनडीए प्रत्याशियों के लिए जनता से समर्थन मांगे।
पीएम मोदी के रोड शो प्रारंभ होने के पहले से ही बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे अपने नेता का इंतजार करते दिखे। पटना की सड़कों पर सुरक्षा घेरे के दोनों तरफ अपार जनसमूह नजर आ रहा था। जब प्रधानमंत्री का रोड शो शुरू हुआ तो पूरा पटना ‘मोदी जिंदाबाद’ और ‘जय श्रीराम’ जैसे नारों से गुंजायमान हो गया।
पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिनंदन स्वीकार किया। वे अपने वाहन से आगे बढ़े और हर कोई प्रधानमंत्री की एक तस्वीर कैमरे में कैप्चर करने के लिए लालायित नजर आ रहा था। इस रोड शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे सड़कों के किनारे खड़े थे और उनका अभिनंदन कर रहे थे।
लोगों के हाथों में भाजपा के झंडे और पीएम मोदी के कटआउट थे। जिन रास्तों से पीएम गुजरे, उनमें कई स्थानों पर सड़कों के किनारे स्वागत स्टॉल बनाए गए थे, जहां मंच तैयार किया गया था। जहां से लोग प्रधानमंत्री का अभिवादन कर रहे थ। रोड शो को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। सड़क के किनारे बैरिकेडिंग की गई थे, फिर भी लोग सड़कों पर उत्साहित थे।