408 रनों की करारी शिकस्त! गुवाहाटी टेस्ट में बुरी तरह टूटी टीम इंडिया, दक्षिण अफ्रीका ने किया क्लीन स्वीप

गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय टीम को ऐसी शर्मनाक हार मिली, जिसने उसके टेस्ट इतिहास का सबसे बड़ा रनों का अंतर बना दिया। दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 408 रनों से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। 549 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया मात्र 140 रन पर ढेर हो गई और सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा।

Nov 26, 2025 - 13:33
 0
408 रनों की करारी शिकस्त! गुवाहाटी टेस्ट में बुरी तरह टूटी टीम इंडिया, दक्षिण अफ्रीका ने किया क्लीन स्वीप
गुवाहाटी टेस्ट जीतने के बाद खुशी मनाती दक्षिणा अफ्रीका की टीम।

गुवाहाटी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट गुवाहाटी में आज समाप्त हो गया, जहां साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 408 रनों से हराकर सीरीज पर कब्ज़ा जमा लिया। यह रनों के अंतर से भारत की टेस्ट इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी हार रही।

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को जीत के लिए 549 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था। जवाब में भारतीय टीम चौथी पारी में बुरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम 140 रन पर सिमट गई। पहले टेस्ट में मिली हार के बाद यह दूसरी करारी हार थी, जिसने साउथ अफ्रीका को क्लीन स्वीप दिला दिया।

ऐसे ढहती चली गई भारतीय पारी

चौथे दिन भारतीय बल्लेबाज शुरुआत से ही जूझते नजर आए। सुबह के सेशन में ही भारत ने लगातार विकेट गंवाए। टी-ब्रेक तक भारत 5 विकेट पर 90 रन ही जोड़ पाया था। साई सुदर्शन 14 और रविंद्र जडेजा 23 रन बनाकर टिके हुए थे, लेकिन लक्ष्य बेहद दूर नजर आ रहा था।

बुधवार को साई सुदर्शन 14, कुलदीप यादव 5, ध्रुव जुरेल 2 और कप्तान ऋषभ पंत 13 रन बनाकर आउट हो गए। वॉशिंगटन सुंदर ने 16 रन जोड़े। रवींद्र जडेजा ने अपने टेस्ट करियर का 28वां अर्धशतक पूरा किया, लेकिन 87 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नीतीश रेड्डी और मोहम्मद सिराज बिना खाता खोले आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका के लिए साइमन हार्मर ने छह विकेट झटके। केशव महाराज ने दो विकेट लिए, जबकि मार्को यानसेन और मुथुसामी को एक-एक सफलता मिली।

अंततः भारत की पारी 140 रन पर थम गई। दक्षिण अफ्रीका के लिए साइमन हार्मर ने सबसे शानदार गेंदबाजी की और 6 विकेट झटके। केशव महाराज और मुथुसामी ने भी लगातार दबाव बनाए रखा।

दोनों टेस्ट मैचों में साउथ अफ्रीका ने भारत को हर विभाग में मात दी। मजबूत गेंदबाजी, सटीक फील्डिंग और बेहतर सामूहिक प्रदर्शन ने मेहमान टीम को जीत दिलाई।

SP_Singh AURGURU Editor