आगरा में चलने के अंदाज़ से पकड़ में आया शातिर चोर, दिवाली की रात की थी 60 लाख की चोरियां
आगरा। दीपावली की रात छह घरों में लगभग 60 लाख की चोरी करने वाले शातिर चोर को थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चोर राजेश शर्मा उर्फ शेखावत है। इस चोर की गिरफ्तारी किसी सबूत से नहीं, बल्कि उसके चलने के स्टाइल से हुई।
20 अक्टूबर की रात विकास नगर, टेढ़ी बगिया निवासी जलकल विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी उमेश चंद्र के घर से 40 लाख की चोरी हुई थी। चोर छत के रास्ते घर में घुसा था और अलमारी से 276 ग्राम सोना, चांदी के जेवर और नकदी उड़ा ले गया था।
इसके अलावा प्रकाशपुरम कॉलोनी में एक आरओ संचालक के घर से नशीला पदार्थ सुंघाकर 18 लाख के गहने व 1.5 लाख नकद चोरी किए गए थे। इसी क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त दारोगा के घर से 12 हजार रुपये और तीन दुकानों में चोरी की कोशिशें भी हुईं थी।
इन घटनाओं के बाद पुलिस ने इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक फुटेज में एक व्यक्ति शॉल ओढ़े हुए अजीब चाल में चलता दिखा। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की। पता चला कि यह चाल शोभा नगर निवासी राजेश शर्मा उर्फ शेखावत से मिलती-जुलती है।
‘त्रिनेत्र ऐप’ से खुली हिस्ट्री, निकला पेशेवर चोर
पुलिस ने ‘त्रिनेत्र एप’ पर आरोपी का नाम सर्च किया तो उसके खिलाफ पहले से 8 मुकदमे दर्ज मिले। इसी आधार पर बुधवार रात कांशीराम आवास योजना क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में राजेश ने सभी वारदातों को कबूल कर लिया।
राजेश ने पुलिस को बताया कि उसकी मां, पत्नी, बहन और बहनोई पवन चोरी की योजनाओं में उसकी मदद करते थे। दिन में पूरा परिवार रेकी करता था और रात में राजेश वारदात को अंजाम देता था।
जुए और नशे में उड़ा दी चोरी की रकम
राजेश ने बताया कि पहली चोरी में उसे 40 हजार रुपये नकद मिले थे, जिनमें से 10 हजार उसने जुए में हार दिए और बाकी खर्च कर दिए। अगली रात जब वह दूसरी चोरी करने गया, तो डेढ़ लाख रुपये और गहने मिले। वारदात के दौरान लोग जाग गए, तो वह छत से कूदकर भागा और घायल हो गया। बचा हुआ पैसा भी उसने नशे और जुए में उड़ा दिया।
थाना प्रभारी ट्रांस यमुना ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसके परिवार के अन्य सदस्यों की भी भूमिका की जांच की जा रही है। बरामदगी और अन्य वारदातों से जुड़ी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।