फर्जी पहचान पत्र बनाने वाला साइबर कैफे मालिक गिरफ्तार, बरेली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने साइबर कैफे की आड़ में सरकारी पहचान पत्रों की जालसाजी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 24 वर्षीय आरोपी शुभम को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। आरोपी शुभम, रामगोपाल शर्मा का पुत्र और ग्राम खजुरिया का निवासी है।

Aug 10, 2025 - 13:07
 0
फर्जी पहचान पत्र बनाने वाला साइबर कैफे मालिक गिरफ्तार, बरेली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बरेली के इज्जनगर थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया जालसाज।

प्रभारी निरीक्षक इज्जतनगर नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस टीम ने ग्राम खजुरिया घाट स्थित एक साइबर कैफे पर छापेमारी की। दुकान का शटर आधा बंद था, अंदर कंप्यूटर और प्रिंटर के जरिए फर्जी आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य सरकारी पहचान पत्र बनाए जा रहे थे। आरोपी printschrds.in वेबसाइट के जरिए जालसाजी करता था और साथ ही एयरटेल व वोडाफोन के सिम कार्ड बेचता था।

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में जालसाजी का सामान बरामद किया, जिसमें कंप्यूटर, मॉनिटर, सीपीयू, लैमिनेशन मशीन, 3 मोहर, 3 फिंगर प्रिंट डिवाइस, 8 आयुष्मान कार्ड, 26 आधार कार्ड, 25 एयरटेल सिम, 7 वोडाफोन सिम, अन्य फर्जी दस्तावेज और सामग्री शामिल है। 19,820 नकद भी बरामद किए गए।

शुभम के खिलाफ थाना इज्जतनगर में धारा 318(4)/338/336(3)/340(2) BNs के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह, उप-निरीक्षक इसरार अली, उप-निरीक्षक रोहित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor