बरेली में दुस्साहसिक वारदातः घिरते देख चोरों ने की आढ़ती की गोली मारकर हत्या
बरेली। बरेली शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए एक आढ़ती की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना करगैना इलाके में उस वक्त हुई, जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। बदमाशों ने घर की छत पर चोरी के दौरान विरोध करने पर सीधे सीने में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही आढ़ती की मौत हो गई।
मृतक की पहचान मूल रूप से आंवला के तिगरा खानपुर निवासी 40 वर्षीय जोगेंद्र के रूप में हुई है, जो बरेली में रेलवे लाइन के पास अपना नया मकान बनवा रहे थे। उसी परिसर में उनके साले धर्मेंद्र, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं, का भी मकान निर्माणाधीन है।
परिजनों के अनुसार, रात करीब एक बजे पालतू कुत्ते के भौंकने पर जोगेंद्र और उनकी पत्नी अनीता की नींद खुली। आहट सुनकर दोनों हाथ में डंडा लेकर छत की ओर भागे। जोगेंद्र ने वहां देखा कि चोर मौजूद हैं। जैसे ही जोगेंद्र ने छत पर मौजूद चोर पर डंडे से वार किया, उसने नजदीक से उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही जोगेंद्र लहूलुहान होकर सीढ़ियों से नीचे गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे-पीछे आ रही पत्नी अनीता भी घबराहट में सीढ़ियों से लुढ़क गईं।
हत्या के बाद चोर घर में रखा एक बैग लेकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि जोगेंद्र सब्जी की आढ़त चलाते थे और पिछले कुछ महीनों से परिवार सहित इसी मकान में रह रहे थे। दो महीने पहले ही उनकी पत्नी और चार बच्चे, नीलम, अरुण, भूपेंद्र और मधु यहां आकर रहने लगे थे।
घटना की सूचना मिलते ही देर रात एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ अंजनी कुमार और थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चोरी के विरोध के दौरान फायरिंग की बात सामने आई है। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
इस वारदात के बाद बरेली के सुभाषनगर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।