आधी रात जानलेवा हमला, फिर घर से निकाली गई विवाहिता

आगरा के कमलानगर में विवाहिता यथा अग्रवाल पर ससुराल पक्ष द्वारा कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़िता घायल अवस्था में घर से बाहर निकाली गई। पुलिस पर कार्रवाई न करने और मामले को घरेलू बताकर टालने के आरोप हैं। वीडियो और CCTV फुटेज के बावजूद एफआईआर नहीं हुई। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की मांग की है।

Jan 23, 2026 - 18:19
 0
आधी रात जानलेवा हमला, फिर घर से निकाली गई विवाहिता
पीड़ित यथा अग्रवाल।

आगरा में घरेलू हिंसा की हदें पार, खून से लथपथ विवाहिता, वीडियो और सीसीटीवी के बावजूद पुलिस कार्रवाई शून्य

आगरा। कमलानगर थाना क्षेत्र के एफ ब्लॉक में घरेलू हिंसा का एक गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता यथा अग्रवाल, निवासी एफ ब्लॉक, कमलानगर ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष ने आधी रात उस पर जानलेवा हमला किया। हमले में वह खून से लथपथ हो गई, इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।

पीड़िता के मुताबिक घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन यह कहकर लौट गई कि यह “घर का मामला” है। यथा का आरोप है कि पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जबकि उनके पास हमले के सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं और उन्होंने खुद वीडियो जारी कर पूरी आपबीती बताई है।

यथा ने बताया कि घटना के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई, लेकिन इसके बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पीड़िता का यह भी कहना है कि पुलिस और ससुराल पक्ष के बीच मिलीभगत के संकेत मिल रहे हैं, जिसके चलते मामला दबाने की कोशिश की जा रही है।

न्याय न मिलने से आहत यथा ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी जान को खतरा बना रहेगा। स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर आक्रोश है और पीड़िता को सुरक्षा व निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।