राजस्थान के भिवाड़ी में मौत का तांडवः केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, आठ मजदूर जिंदा जले

भिवाड़ी। राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा-करौली औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री अचानक आग और धमाकों से दहल उठी। कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री आग के गोले में बदल गई। जहरीले केमिकल्स के कारण आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप लिया कि मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। फैक्ट्री में आठ मजदूरों के जिंदा जलने की दुखद खबर आ रही है जबकि 15 से अधिक मजदूरों को बचा लिया गया।

Feb 16, 2026 - 12:52
 0
राजस्थान के भिवाड़ी में मौत का तांडवः केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, आठ मजदूर जिंदा जले
राजस्थान के भिवाड़ी में सोमवार सुबह केमिकल फैक्ट्री में लगी आग के दौरान उठतीं भयावह लपटें।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह कामकाज के दौरान फैक्ट्री के अंदर तेज धमाके की आवाज़ आई, जिसके तुरंत बाद आग फैलती चली गई। फैक्ट्री में ज्वलनशील केमिकल्स मौजूद थे, जिससे आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया। आग लगने के ठोस कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की आशंका जताई जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम आठ मजदूरों की मौत की जानकारी सामने आ रही है। सभी मजदूर आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए।
घटना के समय फैक्ट्री में 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। कुछ मजदूर समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। 10 से अधिक मजदूरों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका बनी हुई है। कई शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि पहचान करना मुश्किल हो रहा है। यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भारी तबाही हो चुकी थी। फैक्ट्री के अंदर रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है। दमकलकर्मी और प्रशासनिक टीमें मलबे को हटाकर फंसे मजदूरों की तलाश कर रही हैं। भिवाड़ी एसपी, तिजारा डीएसपी और एडीएम सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है

फिलहाल आग नियंत्रण में है, लेकिन मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं और फैक्ट्री प्रबंधन से भी जवाब तलब किया जाएगा। लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor