जयपुर में मौत का नंंगा नाचः डंपर ने 17 वाहनों को रौंदा, 13 की मौत, आगरा का परिवार भी चपेट में आया

जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे राजस्थान और आसपास के इलाकों को झकझोर दिया। हरमाड़ा थाना क्षेत्र के लोहामंडी रोड पर एक तेज रफ्तार डंपर ने बेकाबू होकर एक के बाद एक 17 गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे 13 लोगों की मौत हो गई और 10 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में आगरा के रहने वाले एक ही परिवार के पांच सदस्य भी शामिल हैं, जो खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे। डंपर चालक ने नशे की हालत में मौत का कहर बरपाया।

Nov 3, 2025 - 17:42
Nov 4, 2025 - 10:51
 0
जयपुर में मौत का नंंगा नाचः डंपर ने 17 वाहनों को रौंदा, 13 की मौत, आगरा का परिवार भी चपेट में आया
जयपुर शहर में सोमवार दोपहर को डंपर द्वारा वाहनों को रौंदे जाने के भीषण हादसे की भयावह तस्वीरें।

-आगरा के घायल एक ही परिवार के, खाटूश्याम जी जाते समय हुए डंपर ने कार को टक्कर मार दी थी

सड़क पर मौत का तांडव देख हर किसी की रूह कांप उठी

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सोमवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ, जब खाली डंपर लोहामंडी पेट्रोल पंप की ओर से रोड नंबर 14 होते हुए हाईवे पर चढ़ने के लिए जा रहा था। इसी दौरान डंपर चालक ने नियंत्रण खो दिया और ओवर स्पीड में वाहनों को टक्कर मारता चला गया।

करीब 300 मीटर तक डंपर ने सड़क पर तांडव मचाया, कई वाहनों को अपनी चपेट में लेते हुए 200 फीट एक्सप्रेस हाईवे की पुलिया से जा टकराया। हादसे के बाद सड़क पर लाशें ही लाशें नजर आने लगीं। क्षतिग्रस्त गाड़ियों का मलबा बिखर गया। कई लोगों के शरीर के टुकड़े अलग-अलग जगह पड़े मिले। यह दृश्य जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ वाहन इतने बुरी तरह कुचल गए कि मृतकों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन और कटर की मदद लेनी पड़ी। कई बाइकें डंपर के नीचे फंस गई थीं।

घायलों में आगरा के तीन लोग भी शामिल

हादसे के घायलों में आगरा के नानजी भाई और उनके परिवार के पांच सदस्य भी शामिल हैं, जो खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। उनका वाहन सड़क किनारे खड़ा था, तभी डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में परिवार के पांच सदस्य घायल हो गये। 

दस घायलों का उपचार जारी

हादसे में घायल 10 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से छह गंभीर रूप से घायल मरीजों को एसएमएस हॉस्पिटल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का कांवटिया और निजी अस्पतालों में इलाज जारी है।

एडिशनल डीसीपी नॉर्थ बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सात शव एसएमएस हॉस्पिटल, चार शव कांवटिया हॉस्पिटल और एक शव सीकेएस हॉस्पिटल में रखवाए गए हैं। घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।

ड्राइवर नशे में था, लोगों ने पकड़ा

हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने डंपर ड्राइवर को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि ड्राइवर नशे की हालत में था। उसका नाम कल्याण मीणा, निवासी विराटनगर बताया गया है। उसे भी घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले ड्राइवर की एक कार सवार से झड़प हुई थी। इसके बाद वह रॉन्ग साइड डंपर भगाने लगा और बाइक को टक्कर मारते हुए भाग निकला। पीछा किए जाने पर उसने बेकाबू होकर कई वाहनों को रौंद डाला।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा मौत का तांडव

पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि भारी ट्रैफिक वाली सड़क पर डंपर 100 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से दौड़ रहा था। फुटेज में वह कई वाहनों को रौंदते हुए, लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ता नजर आ रहा है।

लोगों का आक्रोश और प्रदर्शन

हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, और ओवरलोड व रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। लोगों ने मौके पर ही एक ट्रेलर को रुकवाया, जो ओवरलोड पाया गया।

जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और एडिशनल स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और अंडरपास बनाने की मांग पर आश्वासन दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों की आपबीती

रिक्शा ड्राइवर देशराज ने बताया कि मैं चाय पीने के लिए रिक्शा साइड में लगाकर खड़ा था। अचानक भागो-भागो की आवाज आई। कुछ समझ पाता, उससे पहले डंपर ने टक्कर मार दी और मैं नीचे गिर गया। पार्सल डिलीवरी करने वाले कमल मीणा ने कहा कि मैं बाइक से सर्विस लेन पर था। अचानक जोरदार टक्कर लगी और होश खो बैठा। होश आया तो अस्पताल में था।

हादसे की जांच जारी

पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर ड्राइवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही वाहन स्वामी और ट्रांसपोर्ट एजेंसी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor