हिमाचल के बिलासपुर में बस पर गिरा पहाड़ से मलबा, 15 यात्रियों की मौत
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बारिश के बीच बड़ा हादसा हुआ है। बरठी के पास भल्लू में एक प्राइवेट बस भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में आ गई। यह घटना शाम करीब 6:25 बजे हुई। बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। पहाड़ी से मलबा और पत्थर बस के ऊपर गिरे।
शिमला। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक भयानक बस हादसा हुआ है। यहां एक प्राइवेट बस भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में आ गई। मलबे के नीचे दबने से बस में सवार 15 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे बरठीं के भल्लू पुल के पास हुआ। जब मरोतन से घुमारवीं जा रही बस पर पहाड़ी से भूस्खलन का मलबा गिर गया। मलबे के गिरने से पूरी उसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया है। इनमें से एक बच्ची की मां की दुर्घटना में मौत हो गई। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम साढ़े छह बजे के करीब बरठीं में भल्लू पुल के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। पहाड़ी से अचानक गिरे भूस्खलन के मलबे ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। मलबे के भारी दबाव से बस पूरी दब गई और खड्ड के किनारे जा गिरी। बस के अंदर सवार सभी यात्री मलबे के नीचे दब गए। खबर लिखे जाने तक बस के अंदर से 15 शव निकाले जा चुके थे। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।