उद्योग और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर हुई निर्णायक बैठक: डीएम ने दी चेतावनी-  त्वरित समाधान करें अधिकारी

आगरा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति एवं वाणिज्य बंधु समिति की संयुक्त बैठक में शहर के औद्योगिक और वाणिज्यिक विकास से जुड़ी कई प्रमुख समस्याओं पर चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए।

Jul 3, 2025 - 20:55
 0
उद्योग और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर हुई निर्णायक बैठक: डीएम ने दी चेतावनी-  त्वरित समाधान करें अधिकारी

औद्योगिक क्षेत्रों में अधूरी सड़कें और अतिक्रमण बड़ा मुद्दा

बैठक में फाउंड्री नगर, सिकंदरा साइट-सी और नुनिहाई औद्योगिक क्षेत्रों की अधूरी सड़कें, अतिक्रमण और जीर्ण-क्षीण रास्तों की मरम्मत की मांग रखी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नगरायुक्त की अध्यक्षता में विशेष बैठक कर इन समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। यूपीसीडा व पुलिस को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का वीडियो-फोटो साक्ष्य देने को कहा गया।

बिजली आपूर्ति और जल संस्थान की गड़बड़ियों पर नाराज़गी

एत्मादपुर स्थित गढ़ी महासिंह सब स्टेशन से जुड़ी बार-बार ट्रिपिंग की समस्या पर डीएम ने बिजली विभाग को फटकार लगाई। विभाग के अफसर बिजनेस प्लान की जानकारी भी नहीं दे पाए। वहीं जल संस्थान द्वारा ओटीएस योजना के बाद भी पुराने बकाये दर्शाए जाने पर संबंधित अधिकारी को तलब कर समाधान के निर्देश दिए गए।

चांदी उद्योग को ओडीओपी में शामिल करने का प्रस्ताव

बैठक में आगरा के चांदी उद्योग को एक जिला एक उत्पाद योजना में शामिल करने की मांग रखी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को शीघ्र निर्णय लेने के निर्देश दिए।

संजय प्लेस में पार्किंग ठेकेदार की गुंडागर्दी का मामला गरमाया

वाणिज्य बंधु समिति में संजय प्लेस की पार्किंग में ठेकेदार द्वारा सीए से मारपीट का मामला सामने आया। बताया गया कि बांकेबिहारी कंस्ट्रक्शन कंपनी बिना अधिकार ठेका चला रही है। डीएम ने अपर नगरायुक्त को तलब कर पूरे मामले की जांच और कार्यवाही के निर्देश दिए।

गड्ढामुक्त अभियान पर डीएम सख्त, सार्वजनिक सूचना के आदेश

लोहामंडी चौराहे से सेंट जॉन्स पुल तक सड़क में बड़े-बड़े गड्ढों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और पीओडी को सख्त लहजे में कहा कि जहां भी कार्य चल रहा हो, वहां बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाएं और गड्ढों को तत्काल भरवाएं।

नालों की सफाई के बाद शिल्ट हटाने पर निर्देश

बरसात से पूर्व जलभराव रोकने हेतु डीएम ने नगर निगम को निर्देश दिए कि नालों की सफाई के बाद निकली शिल्ट को तत्काल हटवाएं। दुकानदारों को भी जागरूक कर नालों में कचरा न डालने के निर्देश दिए जाएं।

अन्य प्रमुख निर्णय

नगला मांकरोल, ग्वालियर रोड की जलभराव समस्या पर कार्य पूर्ण कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। मंडी परिषद की दुकानों के किराए माफ करने पर पीएसी कमांडेंट संग बैठक कर निर्णय हुआ। नमक मंडी में बिजली के लटकते तारों पर कार्रवाई हेतु अधिशासी अभियंता को आदेशित किया गया।

ये अधिकारी और उद्योग-व्यापार प्रतिनिधि मौजूद रहे

अपर जिलाधिकारी श्रीमती शुभांगी शुक्ला, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, वाणिज्य बंधु व उद्योग प्रतिनिधियों में सीताराम अग्रवाल, बलवीर शरण गोयल, राजेश कुमार, जय पुरसनानी, संजय अरोड़ा सहित कई सदस्यगण मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor