धर्म और आस्था से परे समर्पण, मुस्लिम परिवार ने तैयार किए रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण

आगरा। कल विजयादशमी है और शहर में रामलीला मैदान पर तैयारियां जोर-शोर पर हैं। बिजली घर मैदान पर चल रही रामलीला में इस बार खास आकर्षण होगा 110 फुट ऊँचा रावण का पुतला, जिसे बनाने में मथुरा का एक मुस्लिम परिवार पिछले 50 दिनों से जुटा हुआ है।

Oct 1, 2025 - 13:49
 0
धर्म और आस्था से परे समर्पण, मुस्लिम परिवार ने तैयार किए रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण
रामलीला मैदान में तैयार किया जा रहा रावण

आगरा। कल विजयादशमी है और शहर में रामलीला मैदान पर तैयारियां जोर-शोर पर हैं। बिजली घर मैदान पर चल रही रामलीला में इस बार खास आकर्षण होगा 110 फुट ऊँचा रावण का पुतला, जिसे बनाने में मथुरा का एक मुस्लिम परिवार पिछले 50 दिनों से जुटा हुआ है। कल रावण दहन होगा और आकर्षक आतिशबाजी भी होगी।  

करीब 140 साल पुरानी आगरा की इस रामलीला में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले बनाने की ज़िम्मेदारी हमेशा से इसी परिवार की रही है। पाँच पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को आज भी जीवित रखे हुए हैं कारीगर जाफर अली, जो पिछले 46 वर्षों से रावण के पुतले तैयार कर रहे हैं।

जाफर अली बताते हैं कि “जब से बिजली घर मैदान पर रामलीला शुरू हुई है, तभी से हमारा परिवार इस परंपरा से जुड़ा हुआ है। पहले पिता मोहम्मद वहीर और दादा मुग़ल पहलवान पुतले बनाते थे। अब हम और आगे हमारे बच्चे इस काम को निभाएंगे। यह काम कभी बंद नहीं होगा।”

इस बार विशेष रूप से तैयार किए गए पुतलों में 45 फुट ऊँचा कुंभकर्ण, 70 फुट का मेघनाथ और 110 फुट का रावण शामिल है। खास बात यह है कि इस बार रावण के पुतले की आँखें मूवमेंट करेंगी, जो दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण होंगी।

कारीगर परिवार का कहना है कि भले ही वे मुस्लिम हैं, लेकिन रामलीला के प्रति उनका समर्पण भावनात्मक है।
“हमें यह काम करने में आनंद आता है। यह हमारी परंपरा है और हम इसे दिल से निभाते हैं,” जाफर अली ने कहा।

20 अगस्त से लगातार मेहनत कर तैयार किए जा रहे इन पुतलों के दहन के साथ विजयादशमी का भव्य आयोजन आगरा में ऐतिहासिक रंग भरेगा।