‘दबंग एंड ओनली वन’ दीप्ति शर्मा का जोशभरा सम्मान, मित्तल चैरिटेबल ट्रस्ट ने दिया पांच लाख का पुरस्कार, बोलीं- एक समय मेरे पास एक ही ड्रेस थी जिसे रोज धोकर पहना करती थी
आगरा में आयोजित एक भव्य समारोह में विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को माया मित्तल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 5 लाख रुपये का चेक और विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया, जहां शहरवासियों ने ढोल-नगाड़ों और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अपनी बेटी का उत्साहपूर्ण स्वागत किया।
आगरा। दयालबाग स्थित मित्तल मिशन परिसर शनिवार को एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब ‘दबंग एंड ओनली वन’ कही जाने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व विजेता खिलाड़ी दीप्ति शर्मा का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जैसे ही दीप्ति अपने परिवार के साथ समारोह स्थल पर पहुंचीं, परिसर जय हो, जय हो और चक दे इंडिया जैसे नारों से गूंज उठा। आसमान से बरसते पुष्प, ढोल-नगाड़ों की थाप और शहरवासियों की लंबी तालियों ने माहौल को बेहद रोमांचक बना दिया।
दीप्ति ने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया और अपने संबोधन में कहा कि मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मैं आगरा की बेटी हूं। अपने शहर में, अपने परिवार के साथ सम्मान मिलना मेरे लिए गर्व का क्षण है। मैं हमेशा देश और शहर के लिए सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास करती रहूंगी।
कार्यक्रम में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि परिवारों को बेटियों को खेल में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन देना चाहिए। खेल की पगडंडियां खिलाड़ियों को आईपीएस, आईजी से लेकर पद्मश्री जैसे उच्च सम्मान तक दिलाती हैं।
मेयर हेमलता दिवाकर ने कहा कि देश में प्रतिभा की कमी नहीं, बस सही प्लेटफॉर्म चाहिए, जिसे प्रधानमंत्री मोदी के सांसद खेल महोत्सव ने पूरा किया है।
समारोह में उपस्थित प्रमुख अतिथियों में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश गर्ग, डीआईजी शैलेश पांडे, कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, प्रमुख उद्यमी पूरन डावर, डॉ. नरेन्द्र मल्होक्षा, डॉ. जयदीप मल्होक्षा, जितेन्द्र चौहान, पूनम सचदेवा, रेनुका डंग सहित कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे।
पांच लाख का चेक प्रदान किया गया
मित्तल मिशन ट्रस्ट की ओर से रामसरन मित्तल सहित परिवार के सदस्यों ने दीप्ति को 5,00,000 रुपये का चेक और क्रिकेट मैदान में उनकी भव्य तस्वीर भेंट की।
संजीव मित्तल ने दीप्ति को दबंग एंड ओनली वन कहते हुए कहा कि भारत के लिए क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, इमोशन है। दीप्ति ने इतिहास रचते हुए आगरा का नाम रोशन किया है।
दीप्ति की माता-पिता सुशीला शर्मा और भगवान शर्मा, भाई सुमित और प्रशांत, तथा मित्तल परिवार के सदस्य निकुंज, आकांक्षा, अनुप्रिया, नमन आदि मौजूद रहे। संचालन आशु मित्तल और विनीत खेड़ा ने किया।
दीप्ति ने खेला रोमांचक रेपिड राउंड
कार्यक्रम में आशु मित्तल के सवालों पर दीप्ति ने मज़ेदार और भावुक जवाब दिए। उन्होंने बताया कि एक समय था जब मेरे पास सिर्फ एक ही ड्रेस थी, जो रोज़ धोकर पहनती थी। कठिन परिस्थितियों में परिवार ही उनका सबसे बड़ा सहारा बना। घर में प्रैक्टिस करते-करते उनके कई शीशे टूटते थे। वर्ल्ड कप फाइनल उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण है।
दीप्ति के साथ सेल्फी लेने को लगी लंबी कतार
दीप्ति शर्मा के स्वागत के लिए शहरवासी मानो उमड़ पड़े। माला और फूल लिए सैकड़ों लोग लाइन में खड़े थे ताकि अपनी बेटी को सम्मान व प्रेम दे सकें। सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने ढोल बजाकर उनका पारंपरिक स्वागत किया और फोटो भी खिंचवाई।