भारत और यूरोपीय संघ में होगी रक्षा डील, ईयू की विदेश नीति प्रमुख ने किया ऐलान, दिल्ली में लगेगी मुहर

भारत और यूरोपीय संघ एक बड़ी रक्षा डील करने जा रहे हैं। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख ने बताया कि इस साझेदारी पर अगले सप्ताह दिल्ली में होने जा रहे शिखर सम्मेलन में हस्ताक्षर होंगे।

Jan 22, 2026 - 07:20
 0
भारत और यूरोपीय संघ में होगी रक्षा डील, ईयू की विदेश नीति प्रमुख ने किया ऐलान, दिल्ली में लगेगी मुहर

 
ब्रसेल्स। भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) अगले सप्ताह एक महत्वपूर्ण सुरक्षा और रक्षा साझेदारी करने जा रहे हैं। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कलास ने आयू संसद में यह जानकारी दी है। यूरोपियन संसद में बोलते हुए कलास ने कहा कि यह साझेदारी एक बड़े रणनीतिक एजेंडे का हिस्सा होगी, जिस पर नई दिल्ली में होने वाले ईयू-भारत शिखर सम्मेलन में हस्ताक्षर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यूरोप भारत के साथ एक मजबूत नए एजेंडा पर काम करने के लिए तैयार है। इस सम्मेलन में भारत और यूरोपीय संघ के बीच एक मुक्त व्यापार समझौते की घोषणा की भी उम्मीद है।

यूरोपीय संसद में काजा कलास ने कहा, 'आज ईयू ने एक नई सुरक्षा और रक्षा पार्टनरशिप पर हस्ताक्षर करने के साथ आगे बढ़ने पर सहमति जताई है। यह समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी और साइबर-डिफेंस जैसे क्षेत्रों में हमारे सहयोग का विस्तार करेगा। मैं अगले सप्ताह नई दिल्ली में ईयू- भारत शिखर सम्मेलन के दौरान इस पर हस्ताक्षर करने का इंतजार कर रही हूं।'  
 
कलास ने कहा, 'कुछ ही दिनों में यूरोपियन यूनियन और भारत नई दिल्ली में मिलेंगे। यह हमारे द्विपक्षीय संबंधों के लिए अहम पल है। इसमें नए सिरे से राजनीतिक गति और मकसद की साफ भावना है।' उन्होंने सम्मेलन के संयुक्त बयान और रणनीतिक एजेंडा पर ईयू और भारतीय अधिकारियों की बातचीत का जिक्र किया और कहा कि दोनों पक्ष इस संकल्प और समझ से प्रेरित हैं कि यह शिखर सम्मेलन सफल होना चाहिए।

यूरोपीय संघ और भारत का 60वां शिखर सम्मेलन नई दिल्ली में होने जा रहा है। इस दौरान दोनों पक्षों के 2030 तक चलने वाले एक नए ईयू-भारत व्यापाक रणनीतिक एजेंडा को अपनाने की उम्मीद है। कलास ने भारत और यूरोपीय संघ को दो बड़े लोकतंत्र बताया और कहा कि दोनों में से कोई भी हिचहिचाकट नहीं दिखा सकता। उन्होंने कहा, हमें और ज्यादा महत्वाकांक्षी साझेदार बनना होगा।

यूरोपीय संघ की नेता ने कहा एक ज्यादा खतरनाक दुनिया में भारत और ईयू को साथ मिलकर काम करने से फायदा होगा। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ पहले से ही भारत के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है और भारत यूरोप की आर्थिक मजबूती के लिए बहुत जरूरी बनता जा रहा है।