दिल्ली पुलिस ने दी सीजेपी को विरोध प्रदर्शन की परमिशन, दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू
दिल्ली पुलिस ने काकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। प्रदर्शन की घोषणा के बाद दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है।
दिल्ली पुलिस को आशंका है कि देश के विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राजधानी पहुंच सकते हैं। माना जा रहा है कि इस प्रदर्शन में छात्र, कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोग और आम नागरिक भी भाग ले सकते हैं। स्थिति को देखते हुए नई दिल्ली जिले को 12 जोन में विभाजित किया गया है और करीब 2000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवासों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
सीजेपी ने परीक्षा संबंधी कथित गड़बड़ियों के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए छह जून को प्रदर्शन का आह्वान किया था। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस महीने की शुरुआत में अपने समर्थकों और विद्यार्थियों से दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने अपने समर्थकों से यह भी कहा था कि वे छह जून को उनके दिल्ली पहुंचने पर हवाई अड्डे पर भी मौजूद रहें। दीपके ने कहा था कि वह अमेरिका से लौटकर स्वयं इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, संभावित भीड़ और सुरक्षा प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, सभी जिला इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया है। खुफिया सूचनाओं और जमीनी हालात का लगातार आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति तेजी से बदल रही है, इसलिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है और अब संगठन जंतर-मंतर पर जाकर विरोध प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि यह एक ओपन कॉल है, जिसमें किसी भी राजनीतिक दल, संगठन या आम नागरिक का स्वागत है। सौरव दास ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना है।
सूत्रों के मुताबिक खुफिया एजेंसियां उन रिपोर्टों की भी जांच कर रही हैं, जिनमें कुछ राजनीतिक समूहों द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन को समर्थन दिए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा मूल्यांकन प्रक्रिया के तहत कुछ राजनीतिक नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित पहलू का अध्ययन कर रही हैं ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
इस बीच सीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुलिस व्यवस्था से जुड़ा एक वीडियो साझा किया। पोस्ट में लिखा गया कि “कॉकरोचों को रोकने के लिए पूरी तरह कड़ी व्यवस्था की गई है, आज ही बैरिकेडिंग लगाई गई है।”
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी कहा है कि यदि पांच जून तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। फिलहाल राजधानी में प्रस्तावित प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। अभिजीत दीपके ने कहा, "शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। पांच छात्रों ने आत्महत्या की है।"
वरिष्ठ अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत भूषण ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि परीक्षा प्रश्नपत्र लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, बढ़ती बेरोजगारी, राजेश फेकएक्सपोर्ट्स जैसे कथित घोटाले, प्राकृतिक संसाधनों की लूट और अर्थव्यवस्था को बड़े कॉरपोरेट घरानों के हवाले किए जाने जैसी घटनाओं ने देश में गंभीर स्थिति पैदा कर दी है।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से अपील करते हुए कहा है कि वे संसद मार्ग थाने नहीं, बल्कि सीधे जंतर-मंतर पहुंचें। अभिजीत दीपके ने कहा, "सभी समर्थक सीधे जंतर-मंतर आएं। संसद मार्ग थाने आने की आवश्यकता नहीं है।"
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मिलने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के समर्थकों ने इसे अपनी पहली बड़ी जीत बताया है। समर्थकों का कहना है कि दिल्ली पुलिस से अनुमति मिलना उनके आंदोलन की महत्वपूर्ण सफलता है और अब वे जंतर-मंतर पहुंचकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।