शिक्षक सम्मेलन में आठवें वेतन आयोग और पुरानी पेंशन की मांग

आगरा। सेवा सुरक्षा की धारा 12, 18 और 21 की बहाली, पुरानी पेंशन को बहाल करने, कैशलैश चिक्तिसा सुविधा, और आठवें वेतन आयोग का गठन की मांग समेत 17 अहम प्रस्ताव पारित कर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का 57वें राज्य सम्मेलन को एक दिन पहले ही विराम दे दिया गया।

Jan 8, 2025 - 20:56
 0
शिक्षक सम्मेलन में आठवें वेतन आयोग और पुरानी पेंशन की मांग
मुफीद ए आम इंटर कॊलेज में माध्यमिक शिक्षक संघ के सम्मेलन को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल। अन्य चित्रों में सम्मेलन के समापन के दौरान के कुछ चित्र।  

-उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का 57वें राज्य सम्मेलन का एक दिन पहले ही 

समापन सत्र के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने सम्मेलन में उठी मांगों से निजी तौर पर सहमति जताते हुए कहा कि वे भी अपने स्तर से इन मांगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक जीवन पर्यन्त शिक्षक ही रहता है और समाज में उसका सम्मान भी सदैव बना रहता है।

अघ्यक्षीय उदबोधन में संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी ने सेवा सुरक्षा, पुरानी पेंशन, स्थानांतरण संबधी समस्याओं, अर्जित अवकाश तथा विभागीय भ्रष्टाचार के मुददे उठाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक एकता ही शिक्षक समस्याओं के समाधान का मूल मंत्र है।

सम्मेलन के दूसरे सत्र में संगठन के पदाधिकारी एवं एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी, महामंत्री प्रमोद कुमार मित्र, उपाध्यक्ष नरेन्द्र वर्मा, ठाकुर प्रसाद यादव, प्रांतीय कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा आदि ने सत्रह प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत किये। इन प्रस्तावों के जरिए सेवा सुरक्षा की धारा 12, 18 व 21 की बहाली, पुरानी पेंशन की बहाली, कैशलैश चिकित्सा सुविधा, एनपी के रखरखाव में सुनिश्चिता, आठवें वेतन आयोग का गठन, स्थानांतरण नीति का सरलीकरण, कोरोना काल मे रोके गये महंगाई भत्ते का भुगतान तथा महिला उत्पीड़न से मुक्ति की मांग की गई। सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

समापन सत्र में मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा और जिला विद्यालय निरीक्षक-द्वितीय की भी उपस्थिति रही।

सम्मेलन के संयोजक एवं प्रांतीय कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने प्रदेश की संगठनात्मक समीक्षा प्रस्तुत की और बताया कि संगठन की वार्षिक सदस्यता विगत वर्ष से अधिक हुई है। मुकेश शर्मा ने व्यवस्थाओं में लगे सभी शिक्षकों के साथ ही अतिथियों,  प्रदेशीय पदाधिकारियों तथा प्रदेश भर से आए शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

सम्मेलन के दूसरे दिन भी मुफीद-ए-आम इंटर कालेज परिसर में गहमागहमी रही। प्रदेश भर से आये माध्यमिक शिक्षकों की उल्लेखनीय संख्या के साथ भरपूर उत्साह देखने को मिला। दूसरे दिन सम्मेलन की शुरुआत की केदारनाथ सेक्सरिया कन्या इण्टर कॊलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। रामस्वरुप और चन्द्रा बालिका कन्या इण्टर कॊलेज की छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी सराहनीय रहीं।

सम्मेलन में मंडल अध्यक्ष भीष्मभद्र लवानिया, मंडलीय मंत्री अजय शर्मा, जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल आनंद, जिलामंत्री प्रवीन शर्मा, डॊ. अनिल वशिष्ठ, प्रभात समाधिया, डॉ. तरुण शर्मा, जितेन्द्र शर्मा, सौरभ गुप्ता, रीनेश मित्तल, संदीप परिहार, सुधीर जैन, प्रंशात शर्मा, मोहम्मद परवेज, प्रशांत पाठक, अरुणकांत लवानियां, रागिनी शर्मा, पायल जैन, विदुषी, कुमुद ग्रोवर, श्रीमती नीलम, राकेश सारस्वत, श्रीराम शर्मा, अर्चना यादव आदि ने व्यवस्थाओं को संभाला।

SP_Singh AURGURU Editor