आगरा में वाटर मेट्रो परियोजना की मांगः पर्यटन, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी नई दिशा
आगरा की यमुना नदी पर वाटर मेट्रो परियोजना (Water Metro Project) शुरू किए जाने की मांग उठी है। समाजसेवी अशोक गोयल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि यह ट्रांसपोर्ट सिस्टम ताजमहल से मेहताब बाग और एत्मादुद्दौला जैसे स्थलों के बीच एक ईको फ्रेंडली कनेक्टिविटी का अद्भुत उदाहरण बन सकता है, जिससे पर्यटन तो बढ़ेगा ही, रोजगार भी सृजित होंगे।
आगरा। प्रमुख समाजसेवी अशोक गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर आगरा में वाटर मेट्रो परियोजना लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज में वाटर मेट्रो परियोजना आरंभ करने के लिए किया गया अनुबंध सरकार की दूरदर्शी और सराहनीय पहल है, जिससे प्रदेश में जलमार्ग परिवहन के नए आयाम खुल रहे हैं।
अशोक गोयल ने अपने पत्र में लिखा कि आगरा नगर की प्रमुख ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरें- ताजमहल, मेहताब बाग, आगरा किला, एत्मादुद्दौला आदि सभी यमुना नदी के किनारे स्थित हैं। यदि यमुना के जलमार्ग पर वाटर मेट्रो सेवा शुरू की जाती है तो यह न केवल देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षक और आधुनिक परिवहन साधन बनेगी, बल्कि शहर में ट्रैफिक दबाव को भी कम करेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पर्यटन को नई ऊंचाइयाँ मिलेंगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अनेक अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी।
अशोक गोयल ने आगे लिखा कि वर्तमान में जब आगरा के कई उद्योग मृतप्राय अवस्था में पहुंच चुके हैं, तब यह वाटर मेट्रो परियोजना औद्योगिक पुनर्संरचना को गति दे सकती है। इससे आगरा की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और नगर के पर्यटन, परिवहन व व्यापारिक ढांचे को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि पर्यटन मंत्रालय, नगर निगम और विकास प्राधिकरण के सहयोग से आगरा में वाटर मेट्रो परियोजना को प्राथमिकता सूची में शामिल किया जाए, जिससे यमुना तट के दोनों किनारों को जोड़ा जा सके और एक आधुनिक जल परिवहन नेटवर्क विकसित हो सके।