आगरा के चिंतन शिविर में ब्राह्मण हितों पर गहन मंथन, विरोधी वक्तव्यों पर जताई कड़ी आपत्ति

आगरा। पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती के अवसर पर गुरुवार को सिकंदरा कैलाश मोड़ स्थित श्री गेंदालाल महेरे इंटर कॉलेज में ब्राह्मण महासभा संपूर्ण भारत द्वारा राष्ट्रीय मंत्रणा दिवस के तहत एक दिवसीय सामाजिक चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ब्राह्मण समाज के समग्र हितों, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक चुनौतियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही ब्राह्मण समाज के विरोध में दिए जा रहे वक्तव्यों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया गया। संगठन की कार्यकारिणी की घोषणा शीघ्र बैठक कर किए जाने का भी ऐलान किया गया।

Dec 25, 2025 - 19:41
 0
आगरा के चिंतन शिविर में ब्राह्मण हितों पर गहन मंथन, विरोधी वक्तव्यों पर जताई कड़ी आपत्ति
ब्राह्मण महासभा संपूर्ण भारत द्वारा आगरा में गुरुवार को आयोजित चिंतन शिविर में मौजूद समाज के गणमान्य लोग।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सोहन लाल शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव पंडित साधु राम शर्मा, कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष जे.पी. दीक्षित, मंडल अध्यक्ष पंडित अशोक शर्मा, जिलाध्यक्ष डॉ. मुकेश चंद्र शर्मा और पंडित अंकुश शर्मा द्वारा मां सरस्वती, पंडित मदन मोहन मालवीय एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के चित्रों के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

शिविर में आमंत्रित वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. सिद्धार्थ दुबे, वरिष्ठ पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. राहुल देव शर्मा तथा वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक पाठक ने संयुक्त रूप से ब्राह्मण समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और बौद्धिक हितों के संरक्षण के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, सेवा और संगठन तीनों का समन्वय आवश्यक है।

वक्ताओं ने कहा कि हाल के समय में ब्राह्मण समाज के खिलाफ दिए जा रहे आपत्तिजनक और विभाजनकारी वक्तव्य निंदनीय हैं। ऐसे बयानों के खिलाफ लोकतांत्रिक एवं सामाजिक तरीके से प्रतिरोध दर्ज कराते हुए समाज को एकजुट करने का संकल्प लिया गया। शिविर में सामाजिक चेतना, युवाओं की भागीदारी और संगठन विस्तार पर भी गहन मंथन हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिशंकर ओझा ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष डॉ. मुकेश चंद्र शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर युवा अध्यक्ष शशिकांत गौतम, शिवानी शर्मा, भारती शर्मा, आयुषी शर्मा, देवांश शर्मा, रेनू मिश्रा, सुरेंद्र दीक्षित, कल्पना पांडे, पूजा शर्मा, मधु गोस्वामी, मुरारी लाल शर्मा, प्रमोद शर्मा और कुश तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor