फतेहाबाद में गरजे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, कमल की आंधी में उड़ जाएगा विपक्ष

फतेहाबाद (आगरा) में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सम्राट अशोक जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अशोक स्तंभ का लोकार्पण किया। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य दोहराया। साथ ही महिलाओं के लिए 33% आरक्षण कानून की बात भी कही।

Apr 12, 2026 - 19:31
 0
फतेहाबाद में गरजे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, कमल की आंधी में उड़ जाएगा विपक्ष
फतेहाबाद में जनसभा को संबोधित करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य।

सम्राट अशोक जयंती पर भव्य शोभा यात्रा में शामिल हुए, अशोक स्तंभ का लोकार्पण, मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, विपक्ष पर साधा निशाना

आगरा। आगरा के फतेहाबाद में रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य शोभा यात्रा और जनसभा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने “अशोक की लाट” (अशोक स्तंभ) का लोकार्पण किया और सभा को संबोधित करते हुए केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताया।

कार्यक्रम स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार सम्राट अशोक, ज्योतिराव फुले और डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों के आदर्शों और नीतियों पर चल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि “दुनिया के किसी भी प्रधानमंत्री ने आज तक यह नहीं कहा, लेकिन मोदी जी ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से कहा कि भारत ने दुनिया को भगवान बुद्ध दिया है, युद्ध नहीं।” मौर्य ने कहा कि आज पूरी दुनिया युद्ध के संकट से जूझ रही है, ऐसे में भारत शांति का संदेश देने वाला देश है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि संसद भवन के शिखर पर स्थापित अशोक स्तंभ हर भारतीय के दिल में बसा है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए “कमल की आंधी” चल रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक देश को सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक महान के आदर्शों पर आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि 2047 तक न तो राहुल गांधी और न ही अखिलेश यादव सत्ता में आ पाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष सत्ता से बाहर है और वापस आने में असफल है, इसी डर के कारण भाजपा पर लगातार निशाना साध रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी “कमल खिलेगा” और भाजपा का विस्तार जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि 2017 और 2022 की तरह 2027 में भी भाजपा जीत की तैयारी में जुटी है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार “नारी वंदन कानून” लेकर आई है, जिसके तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पर मुहर लगाने के लिए 16 अप्रैल से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती, बल्कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर काम करती है।