डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कल आगरा दौरे पर, अधिवेशन, जनसभा से लेकर अफसरों संग करेंगे बैठक

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 12 अप्रैल को आगरा दौरे पर रहेंगे, जहां वे शिक्षक अधिवेशन, सामाजिक कार्यक्रमों, जनसभाओं और प्रशासनिक बैठकों में भाग लेंगे। उनका कार्यक्रम सुबह से शाम तक व्यस्त रहेगा, जिसमें विकास कार्यों की समीक्षा और संगठनात्मक संवाद भी शामिल है।

Apr 11, 2026 - 20:00
 0
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कल आगरा दौरे पर, अधिवेशन, जनसभा से लेकर अफसरों संग करेंगे बैठक
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य।

आगरा। आगरा में 12 अप्रैल यानि कल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न शैक्षिक, सामाजिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए जनपद की गतिविधियों की समीक्षा भी करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, उपमुख्यमंत्री प्रातः 11:00 बजे फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम ऑडिटोरियम में शिक्षक संगठन (यूटा) के प्रांतीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां वे शिक्षकों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा करेंगे।

इसके बाद वे प्रातः 11:40 बजे होटल ग्रांड मरक्युर में आयोजित नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडिया के समापन समारोह में भाग लेंगे। दोपहर 12:40 बजे उपमुख्यमंत्री फतेहाबाद क्षेत्र के कामता प्रसाद भट्ठे वालों के मैदान (फिरोजाबाद मोड़) पहुंचेंगे, जहां सम्राट अशोक की शोभायात्रा, जनसभा और उनकी प्रतिमा (लॉट) का लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम सामाजिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके पश्चात वे थाना एत्मादुदौला के पीछे स्थित मैदान में आयोजित महाराजा निषादराज जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जहां समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की उपस्थिति रहने की संभावना है। दोपहर बाद 4:20 बजे उपमुख्यमंत्री सर्किट हाउस सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद वे पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।

इस दौरे को प्रशासनिक, राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, जिसमें एक ही दिन में कई बड़े कार्यक्रमों के जरिए जनसंपर्क और समीक्षा का व्यापक एजेंडा तय किया गया है।