म्यांमार और थाईलैंड में विनाशकारी भूकंप से भारी तबाही

Mar 28, 2025 - 13:58
 0
म्यांमार और थाईलैंड में विनाशकारी भूकंप से भारी तबाही
म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप से मची तबाही की एक तस्वीर।  

-भूकंप के बाद थाईलैंड में इमरजेंसी लागू की गई, इमारतें भरभराकर गिरीं

-भारत में पूर्वोत्तर के राज्यों से लेकर दिल्ली तक महसूस किये गये झटके

बैंकाक/नेपीता। थाईलैंड और म्यांमार में भूकंप से भारी तबाही की खबरें मिल रही हैं। तमाम इमारतें मलबे में बदल चुकी हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी गई है। विनाशकारी भूकंप के बाद थाईलैंड में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि भूकंप में कितने लोग हताहत हुए हैं।

भूकंप इतना तीव्र था कि इसके झटके भारत में दिल्ली-एनसीआर तक महसूस किये गये हैं। पूर्वोत्तर के राज्य मेघालय में 4.0 तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किये गये।

म्यामांर के मोनीवा और मांडले शहर के बीच भूकंप का केंद्र जमीन के दस किलोमीटर अंदर था। इसी वजह से दोनों देशों में भारी तबाही की आशंका जताई जा रही है। थाईलैंड की राजधानी बैंकॊक का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें भूकंप के कारण एक बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिरती दिख रही है। एक फ्लाईओवर भी भरभराकर गिर गया। थाईलैंड में और भी तमाम इमारतें मलबे के ढेर में तब्दील हो चुकी हैं।

भूकंप के दौरान दोनों ही देशों में लोग चीख-पुकार करते हुए जान बचाने के लिए  भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। म्यांमार के नेपीता शहर में तमाम इमारतें मलबे के ढेर में बदल चुकी हैं। म्यांमार के मांडले पैलेस में भी भूकंप से क्षति पहुंची है। सागाइंग कस्बे में भी नुकसान की खबरें आ रही हैं। तमाम मकानों में दरारें आ गई हैं। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर दौड़ने लगे।

SP_Singh AURGURU Editor