हरिनाम की धुन पर झूमे श्रद्धालु, श्री जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर आगरा में भक्तिमय माहौल

आगरा। संजय प्लेस की सड़कों पर आज भक्ति का सैलाब उमड़ा जब हरिनाम संकीर्तन की धुनों पर इस्कॉन मंदिर के भक्तों ने श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के लिए आमंत्रण यात्रा निकाली। सिर पर श्रीहरि का विग्रह, मुख पर हरिनाम और ढोल-मंजीरे की ताल पर गूंजते जयकारों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

Jun 25, 2025 - 20:10
 0
हरिनाम की धुन पर झूमे श्रद्धालु, श्री जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर आगरा में भक्तिमय माहौल
श्रीजगन्नाथ जी रथयात्रा महोत्सव के लिए बुधवार को संजय प्लेस में निकाली गई हरिनाम संकीर्तन आमंत्रण यात्रा की एक झलक।  

कमला नगर इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप के नेतृत्व में निकली इस संकीर्तन यात्रा की शुरुआत संजय प्लेस के आजाद पेट्रोल पंप से हुई। भक्तगण गीत-कीर्तन करते हुए रथयात्रा का निमंत्रण देने निकले। जहां-जहां कीर्तन यात्रा पहुंची, लोग काम-काज छोड़कर भाव-विभोर होकर हरिनाम में झूमते नजर आए।

भक्तों को श्रीहरि का प्रसाद खिचड़ी भी वितरित की गई। अरविन्द स्वरूप ने बताया कि 27 जून को आयोजित होने जा रही रथयात्रा में यूक्रेन, रूस, ऑस्ट्रेलिया सहित भारत के विभिन्न राज्यों से भक्तजन भाग लेंगे। रथयात्रा दोपहर 3 बजे महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर से शुरू होकर कमला नगर इस्कॉन मंदिर तक पहुंचेगी, जिसे रस्सियों से खींचते हुए भक्त अपने आराध्य को दर्शनार्थ लाएंगे।

नितेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, विमल फतेहपुरिया, नवीन सिंघल, संजय कुकरैजा, प्रदीप यादव, रमेश यादव, विपिन अग्रवाल, गोपी यादव, अनिल गुप्ता, मनोज अग्रवाल, राजीव मल्होत्रा, प्रदीप बंसल, सूरज, शाश्वत आदि संकीर्तन यात्रा में शामिल रहे।

26 जून को नयम उत्सव: 15 दिन बाद होंगे भगवान के दर्शन

कमला नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में 26 जून को नयम उत्सव का आयोजन होगा। परंपरा के अनुसार, बीमार होने के कारण 15 दिन तक विश्राम के बाद भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र संग शाम 4 बजे से भक्तों को दर्शन देंगे। इस दिन भगवान रतनवेदी सिंहासन पर विराजमान होंगे।

फूल बंगला और छप्पन भोग की विशेष सजावट के साथ भक्तों को भगवान की विशेष झांकी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। अगले दिन, यानी 27 जून को रथयात्रा का भव्य आयोजन होगा।

SP_Singh AURGURU Editor