श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार के छप्पन भोग महोत्सव के मेहंदी उत्सव में उमड़ी श्रद्धा
आगरा। गोवर्धन धाम में आयोजित होने वाले दिव्य छप्पन भोग महोत्सव से पूर्व श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार, आगरा द्वारा आयोजित गिरिराज धरण मेहंदी उत्सव ने भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक आनंद का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया। रिंग रोड, विजय नगर स्थित पुरुषोत्तम ग्रीन परिसर गिरिराज महाराज के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय नृत्य से गूंज उठा। महिलाओं के साथ पुरुष श्रद्धालुओं ने भी पूरे भाव-विभोर होकर आयोजन में सहभागिता की।
हाथों पर सजे गिरिराज नाम, भक्ति में झूमे श्रद्धालु
मेहंदी उत्सव में श्रद्धालुओं के हाथों पर जय गिरिराज महाराज, “श्री गिरिराज जी” और राधे-राधे जैसे पावन नामों की मेहंदी रचाई गई। भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों के बीच सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। श्रद्धालु गिरिराज महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए भक्ति में लीन नजर आए।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल, संरक्षक महंत कपिल नागर एवं रविंद्र गोयल, अध्यक्ष अजय सिंघल, महामंत्री विजय अग्रवाल और कोषाध्यक्ष विशाल बंसल द्वारा गिरिराज जी के विग्रह के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
भक्ति केवल परंपरा नहीं, आत्मिक जुड़ाव का माध्यम
संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कहा कि विगत वर्षों से गोवर्धन में गिरिराज महाराज को भक्ति भाव के साथ भव्य भोग अर्पित किए जाते रहे हैं। गिरिराज नाम की मेहंदी और भक्ति नृत्य केवल सांस्कृतिक परंपरा नहीं, बल्कि गिरिराज महाराज के प्रति प्रेम और आत्मिक जुड़ाव की अभिव्यक्ति हैं।
सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल ने बताया कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से महोत्सव से पूर्व प्रत्येक सदस्य को भक्ति भाव से जोड़ा जाता है।
संरक्षक महंत कपिल नागर एवं रविंद्र गोयल ने कहा कि गिरिराज महाराज की सेवा में किए गए आयोजन भक्तों के हृदय में श्रद्धा और संस्कारों को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
दो दिवसीय महोत्सव में होंगे दिव्य और दुर्लभ दर्शन
अध्यक्ष अजय सिंघल ने जानकारी दी कि श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार, आगरा द्वारा 28 एवं 29 दिसंबर को श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन में दिव्य छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
28 दिसंबर को गोवर्धन महाराज की परिक्रमा एवं अभिषेक होगा, जबकि 29 दिसंबर को दिव्य छप्पन भोग, भव्य फूल बंगला श्रृंगार, साधु सेवा, विशाल महाप्रसाद वितरण, भजन-कीर्तन, नृत्य प्रस्तुति एवं संध्याकालीन भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
इसी दिन ठाकुर जी स्वर्ण हंस रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दुर्लभ दर्शन देंगे। हीरे-जवाहरात जड़ित आभूषण, चांदी की छड़ी का श्रृंगार, रजत पात्रों में भोग अर्पण तथा शयन आरती पर अमृत्युल्य दुग्ध भोग की विशेष व्यवस्था रहेगी।
मेहंदी कार्यक्रम के संयोजक विकास जैन, आशी अग्रवाल, ज्योति मित्तल, राजेंद्र अग्रवाल रहे। कार्यक्रम में कुलभूषण गुप्ता, राम भाई, मयंक जैन, पुनीत अग्रवाल, मनोज गुप्ता, बालमुकुंद अग्रवाल, नीरज मित्तल, नरेंद्र गर्ग, देवकीनंदन, अमित अग्रवाल, विनय सिंघल, गिरीश, शिवानी अग्रवाल, शिवानी सिंघल, अनीता अग्रवाल, सीमा गोयल, रुचि बंसल, कविता अग्रवाल, साक्षी जैन, अलका गुप्ता, कल्पना जैन, पारुल बंसल, मधु गोयल, नंदनी पाराशर, नवनी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।