गोवर्धन धाम के लिए भक्ति भरा प्रस्थान, 56 भोग महोत्सव की तैयारियां चरम पर

गोवर्धन धाम में होने वाले दिव्य छप्पन भोग महोत्सव के लिए खाद्य सामग्री से भरे ट्रक मुगल रोड, कमला नगर स्थित श्री कैला देवी सेवा सदन से रवाना करते श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार आगरा के संरक्षक महंत कपिल नागर, संस्थापक नितेश अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, अध्यक्ष अजय सिंघल, महामंत्री विजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विशाल बंसल, कुलभूषण गुप्ता राम भाई आदि।

Dec 24, 2025 - 20:09
 0
गोवर्धन धाम के लिए भक्ति भरा प्रस्थान, 56 भोग महोत्सव की तैयारियां चरम पर

आगरा। भक्ति, सेवा और समर्पण की त्रिवेणी के साथ गोवर्धन धाम में आयोजित होने वाले दिव्य 56 भोग महोत्सव की तैयारियां पूरे शबाब पर हैं। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल ‘परिवार’, आगरा द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन के लिए बुधवार को मुगल रोड, कमला नगर स्थित श्री कैला देवी सेवा सदन से लगभग 25 टन खाद्य सामग्री से लदे चार ट्रकों को गिरिराज महाराज के जयकारों के बीच विधिवत पूजन कर गोवर्धन के लिए रवाना किया गया।

ट्रकों को संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल, संरक्षक महंत कपिल नागर एवं रविंद्र गोयल, अध्यक्ष अजय सिंघल, महामंत्री विजय अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष विशाल बंसल ने पूजा-अर्चना कर हरी झंडी दिखाकर प्रस्थान कराया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने “जय गिरिराज महाराज” के उद्घोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

संस्थापक नितेश अग्रवाल ने बताया कि 56 भोग महोत्सव हेतु तैयार की जा रही समस्त सामग्री शुद्धता, परंपरा और मर्यादा के पूर्ण पालन के साथ गोवर्धन धाम भेजी जा रही है, ताकि गिरिराज महाराज को भोग विधि-विधान से अर्पित किया जा सके।
सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा और सामाजिक सहभागिता का सशक्त माध्यम है।

आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को गोवर्धन में आयोजन स्थल पर भट्टी पूजन विधि-विधान से संपन्न होगा। इसके पश्चात 26 दिसंबर को रिंग रोड, विजय नगर स्थित पुरुषोत्तम ग्रीन पर सायं 6 बजे से पारंपरिक मेहंदी उत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें संस्था के महिला-पुरुष सदस्य श्याम नाम की मेहंदी लगाएंगे और भजन-कीर्तन में सहभागिता करेंगे।

संरक्षक महंत कपिल नागर एवं रविंद्र गोयल ने बताया कि 28 दिसंबर को गोवर्धन महाराज की परिक्रमा एवं अभिषेक होगा, जबकि 29 दिसंबर को श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर (गोवर्धन) में दिव्य छप्पन भोग, भव्य फूल बंगला श्रृंगार, साधु सेवा, विशाल महाप्रसाद वितरण और संध्याकालीन भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन भक्तों को स्वर्ण हंस रथ पर विराजमान गिरिराज धरण के विशेष एवं दुर्लभ दर्शन प्राप्त होंगे।

अध्यक्ष अजय सिंघल ने आगरा सहित समस्त ब्रज क्षेत्र के श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे इस पावन आयोजन में सहभागिता कर गिरिराज महाराज की कृपा प्राप्त करें और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दें।

अंकुर अग्रवाल, संतोष मित्तल, पुनीत अग्रवाल, कुलभूषण गुप्ता राम भाई, चंद्र मोहन बंसल, मयंक जैन, अतुल गोयल, पुरुषोत्तम दास मित्तल, विकास जैन, बालमुकुंद, मनोज गुप्ता, अमित पाराशर, देवकीनंदन, राकेश अग्रवाल, सतीश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor