आगरा से माता वैष्णो देवी के दरबार तक भक्ति की पदयात्रा, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंजा कैन्ट स्टेशन

आगरा। आस्था भक्त मंडल द्वारा हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी माता वैष्णो देवी की अखण्ड ज्योति यात्रा का भव्य शुभारंभ रविवार को किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में यह पावन यात्रा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से जम्मू-कटरा के लिए रवाना हुई।

Jan 4, 2026 - 19:55
 0
आगरा से माता वैष्णो देवी के दरबार तक भक्ति की पदयात्रा, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंजा कैन्ट स्टेशन
माता वैष्णो देवी की यात्रा पर जाते आस्था भक्त मंडल के सदस्य।

आस्था की अखण्ड ज्योति लेकर कटरा रवाना हुए 350 श्रद्धालु

आगरा। आस्था भक्त मंडल द्वारा हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी माता वैष्णो देवी की अखण्ड ज्योति यात्रा का भव्य शुभारंभ रविवार को किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में यह पावन यात्रा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से जम्मू-कटरा के लिए रवाना हुई।

मीडिया प्रभारी आशीष जैन मोनू ने जानकारी देते हुए बताया कि आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ माता की अखण्ड ज्योति प्रज्ज्वलित की गई।
इस पावन अवसर पर पं. ब्रह्मदत्त शर्मा के मंत्रोच्चारण के बीच केन्द्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अखण्ड ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया।

ढोल-नगाड़ों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

अखण्ड ज्योति प्रज्ज्वलन के उपरांत ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में मंडल के अध्यक्ष राजकुमार राजू, मीडिया प्रभारी आशीष जैन मोनू, पूर्व पार्षद दीपक ढल, संजय बंसल, अनिल खंडेलवाल सहित कई पदाधिकारी और भक्तगण अखण्ड ज्योति को अपने सिर पर लेकर चलते नजर आए। माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया, वहीं श्रद्धालु महिलाएं भक्ति संगीत पर नृत्य करती रहीं।

350 श्रद्धालु ट्रेन से रवाना

इस धार्मिक यात्रा में 350 माता के भक्त आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा जम्मू-कटरा के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह और आस्था देखने को मिली। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 05 जनवरी 2026 को जम्मू-कटरा चौक पर 22वां विशाल जगराता रात 8 बजे से आयोजित होगा। जगराते में विख्यात भजन गायकों द्वारा मां भगवती की भेंटों का गुणगान किया जाएगा।

वैष्णो देवी भवन तक अखण्ड ज्योति

06 जनवरी 2026 को अखण्ड ज्योति को गाजे-बाजे के साथ माता वैष्णो देवी भवन तक ले जाया जाएगा। 07 जनवरी 2026 को कटरा में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को मां चामुंडा, मां ज्वाला जी, मां चिंतपूर्णी और नगरकोट वाली माता के दर्शन भी कराए जाएंगे। यात्रा 10 जनवरी 2026 को सकुशल आगरा वापसी करेगी।

यात्रा में शामिल प्रमुख श्रद्धालु

यात्रा में मंडल अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, राजू भगत जी, पूर्व पार्षद दीपक ढल, कोषाध्यक्ष संजय बंसल, दिलीप अग्रवाल, सनी अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, वंश अग्रवाल, विद्युत अग्रवाल, अनिल खंडेलवाल, विनोद मिश्रा, पूरन सिंह (आलू वाले), रेखा वर्मा, हेमा शर्मा, पूजा, ज्योति गीता सहित कुल 350 श्रद्धालु शामिल हैं।