धनौली की आवासीय समस्या प्रभारी मंत्री तक पहुंची, भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने उठाई ग्रामीणों की आवाज
आगरा। आगरा जनपद के प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार आगरा आए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी के समक्ष धनौली क्षेत्र की आवासीय समस्या उठाई गई। भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने सर्किट हाउस पहुंचकर मंत्री का स्वागत किया और आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धनौली की वर्षों पुरानी आवासीय समस्या को प्रमुखता से उनके समक्ष उठाया। मंत्री ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिससे ग्रामीणों में समाधान की नई उम्मीद जगी है।
उपेंद्र सिंह ने मंत्री को बताया कि धनौली के ग्रामीण वर्षों से आवासीय समस्या का सामना कर रहे हैं और इसके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने 3 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया था तथा प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन द्वारा ग्राम सभा की खुली बैठक आयोजित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि शासन और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से उनकी समस्या का जल्द स्थायी समाधान निकल सकेगा।
प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उपेंद्र सिंह द्वारा उठाए गए मुद्दे को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उपेंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी के मार्गदर्शन में धनौली के ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित आवासीय समस्या का समाधान जल्द होगा और लोगों को राहत मिलेगी।