धर्मेंद्र की अधूरी हसरत: ताजमहल देखने का सपना लेकर चले गए ‘ही-मैन’, हिंदुस्तान बिरादरी ने दी श्रद्धांजलि

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने जीवन में अनगिनत किरदार निभाए, मगर उनका एक निजी सपना अधूरा रह गया, आगरा आकर ताजमहल को करीब से देखना। दिल्ली के एक कार्यक्रम में उन्होंने यह इच्छा स्पष्ट रूप से जताई थी, पर किस्मत ने साथ नहीं दिया। उनके जाने पर आगरा में भी शोक की लहर है और ताजमहल से जुड़ी यह अधूरी चाह आज स्मृति बनकर रह गई है।

Nov 26, 2025 - 18:17
 0
धर्मेंद्र की अधूरी हसरत: ताजमहल देखने का सपना लेकर चले गए ‘ही-मैन’, हिंदुस्तान बिरादरी ने दी श्रद्धांजलि

आगरा। फिल्मी दुनिया के महान अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ आगरा में भी शोक की लहर है। ताजमहल को देखने की उनकी इच्छा हमेशा अधूरी रह गई। हिंदुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी ने भावुक होते हुए बताया कि दिल्ली के एक समारोह में धर्मेंद्र जी से हुई मुलाकात आज भी उनके ज़ेहन में ताज़ा है।

डॉ. कुरैशी ने कहा, धर्मेंद्र साहब ने मुझसे कहा था- ‘जैसे ही मेरी सेहत ठीक होगी, मैं आगरा ज़रूर आऊंगा और ताजमहल देखूंगा।’ यह वाक्य आज भी मेरे कानों में गूंज रहा है। उनकी यह हसरत पूरी न हो सकी, यह हमारे लिए बड़ी कसक है।

उन्होंने बताया कि उस मुलाकात में उन्हें ऐसा लगा कि वे सिर्फ एक सुपरस्टार से नहीं, बल्कि एक बेहद संवेदनशील और इंसानियत से भरे व्यक्ति से मिल रहे हैं, एक ऐसे कलाकार से जो संप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक थे।

हिंदुस्तानी बिरादरी की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डॉ. कुरैशी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि धर्मेंद्र के परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिले।

ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश के जिलाध्यक्ष अदनान कुरैशी, मोहम्मद शरीफ कुरैशी, अदनान कुरैशी, विशाल शर्मा, गयास कुरैशी, विजय उपाध्याय, जियाउद्दीन, राजकुमार नागरथ ने भी अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा है कि धर्मेंद्र जी की जगह कोई नहीं ले सकता। लेकिन हमें विश्वास है कि उनका परिवार और उनके चाहने वाले उनकी विरासत को हमेशा जीवित रखेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor