फर्जी मार्कशीट बनाकर तीन सौ से अधिक नौकरी दिलाने वाला गिरफ्तार

आगरा। शहर के अर्जुन नगर गेट के पास स्थित एक दुकान से न केवल देश के नामी विश्व विद्यालयों की मार्कशीट बन रही थी, बल्कि इन मार्कशीट के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में 300 से अधिक लोग सरकारी नौकरी भी कर रहे हैं। एसटीएफ ने छापा मारकर आरोपी को दबोच लिया है।

Mar 20, 2025 - 14:28
Mar 20, 2025 - 20:52
 0
फर्जी मार्कशीट बनाकर तीन सौ से अधिक नौकरी दिलाने वाला गिरफ्तार
एसटीएफ की गिरफ्त में फर्जी मार्कशीट बनाने वाला आरोपी धनेश। साथ ही बरामद उपकरण और मार्कशीट।

एसटीएफ ने छापा मारकर बरामद कीं हजारों फर्जी मार्कशीट 

उसके पास से एसटीएफ ने बड़ी संख्या में फर्जी मार्कशीट और ब्लेंक मार्कशीट बरामद की हैं। यह अब तक आठ हजार से अधिक मार्कशीट बना चुका है।

मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ ने अर्जुन नगर गेट के पास स्थित एक दुकान में छापा मारकर धनेश मिश्रा नामक व्यक्ति को दबोच लिया। दुकान की छानबीन करने पर एसटीएफ को वहां पर बड़ी संख्या में फर्जी मार्कशीट मिलीं। साथ ही अलग-अलग विश्व विद्यालयों की ब्लैंक मार्कशीट भी वहां बरामद हुईं।

एसटीएफ की पूछताछ पर गिरफ्तार धनेश ने बताया कि फर्जी मार्कशीट बनाने का काम वह पिछले चार साल से कर रहा है। वह ज्यादातर प्राइवेट विश्व विद्यालयों की फर्जी मार्कशीट बनाता है। इसके एवज में वह दो से ढाई लाख रुपये लेता है। उसने चार विश्व विद्यालयों से अनुबंध कर रखा था। वह बच्चों से इन्हीं विवि से फार्म भरवाता था। 

आरोपी ने एसटीएफ को बताया कि वह कोर्स के हिसाब से पैसा लेता था। व्यावसायिक कोर्स की मार्कशीट के वह दो से ढाई लाख रुपये लेता था, जबकि बीए और बीकॉम के लिए 20 से 50 हजार रुपये वसूलता था। एसटीएफ ने उसके पास से महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। 

आरोपी धनेश ने पूछताछ पर बताया कि उसके द्वारा बनाकर दी गईं फर्जी मार्कशीट और डिग्री के आधार पर देश के विभिन्न हिस्सों में तीन सौ से अधिक लोग सरकारी नौकरी कर रहे हैं। एसटीएफ अब इन लोगों की सूची बना रही है।