डिम्पल यादव ने मस्जिद की तौहीन की है, अखिलेश सियासत का मंच बना रहे- मौलाना रजवी
बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने समाजवादी पार्टी की सांसद डिम्पल यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मस्जिद की तौहीन की है। मौलाना ने कहा कि डिम्पल एक राजनीतिक हिंदू महिला हैं और उन्हें इस्लाम की पवित्र जगह, मस्जिद में प्रवेश करते समय अपने पहनावे और आचरण का विशेष ध्यान रखना चाहिए था। उन्होंने कहा कि डिम्पल यादव को पूरे मुस्लिम समाज से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि उनके इस कार्य से मुसलमानों में गहरी नाराजगी है।
खुदा का घर इबादत के लिए है, सियासत के लिए नहीं
मौलाना रजवी ने अपने बयान में दोहराया कि मस्जिद खुदा की इबादत की जगह है, न कि राजनीतिक चर्चाओं का मंच। उन्होंने कहा कि इस्लाम में नमाज को विशेष स्थान प्राप्त है और मुसलमान मस्जिद में जाकर दुनिया के झमेलों से मुक्त होकर केवल अल्लाह की इबादत में लीन होता है। ऐसे स्थान पर राजनीतिक चर्चाएं करना शरीयत के अनुसार नाजायज़ और निंदनीय है।
अखिलेश यादव और सपा नेताओं की मस्जिद में बैठक पर भी हमला
मौलाना रजवी ने मीडिया के सामने एक फोटो साझा करते हुए आरोप लगाया कि नई दिल्ली की पार्लियामेंट स्ट्रीट स्थित मस्जिद में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद जियाउर्रहमान बर्क सहित कई अन्य सपा नेता (चार से पांच हिंदू नेता और दो महिलाएं) सहन् में बैठक कर रहे थे। यह मस्जिद के इमाम और रामपुर से सपा सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी की मौजूदगी में हुआ।
मौलाना का कहना है कि यह कार्य न सिर्फ इस्लामी मर्यादाओं के खिलाफ है, बल्कि मस्जिद की पवित्रता और गरिमा के भी विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज मस्जिद में राजनीति को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।
नदवी को इमामत से हटाया जाए
मौलाना शहाबुद्दीन ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने समाजवादी पार्टी के हिंदू नेताओं को मस्जिद में बैठाकर मीटिंग करवाई जो इस्लामिक शरीयत के अनुसार गंभीर अपराध है। उन्होंने मस्जिद कमेटी से मांग की कि नदवी को तत्काल इमामत के पद से हटाया जाए और उन्हें मुस्लिम समाज से माफी मांगनी चाहिए।
मौलाना ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो मुस्लिम संगठनों, युवाओं और उलमा को नदवी के खिलाफ आंदोलन छेड़ना पड़ेगा।
भविष्य में दोहराव न हो, मस्जिद में राजनीति पर पूर्ण रोक की मांग
मौलाना रजवी ने सख्त लहजे में कहा कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की कोई भी बैठक मस्जिद में नहीं होनी चाहिए। नदवी को न केवल अपने इस कृत्य पर तौबा करनी चाहिए, बल्कि यह भी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए कि वे दोबारा ऐसी गलती नहीं करेंगे। अन्यथा मुस्लिम समाज शांत नहीं बैठेगा।