दयालबाग राइफल क्लब के 58वें वार्षिकोत्सव में दिखा अनुशासन, आत्मरक्षा और राष्ट्रभाव

आगरा। आम नागरिकों में खेल भावना के विकास और आत्मरक्षा के लिए राइफल चलाने की दक्षता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थापित दयालबाग राइफल क्लब का 58वां वार्षिकोत्सव आज दयालबाग स्थित राइफल रेंज पर भव्य एवं अनुशासित वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर 50 मीटर एवं 25 मीटर रेंज की शूटिंग प्रतियोगिताएँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं, जिनमें क्लब के चुने हुए सदस्यों ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन किया।

Jan 25, 2026 - 20:05
 0
दयालबाग राइफल क्लब के 58वें वार्षिकोत्सव में दिखा अनुशासन, आत्मरक्षा और राष्ट्रभाव
दयालबाग राइफल क्लब के रविवार को सम्पन्न हुए 58वें वार्षिकोत्सव में निशाना लगाते शूटर।

दयालबाग राइफल क्लब के स्थापना दिवस समारोह में मौजूद हुजूर प्रो. प्रेम सरन सतसंगी और रानी साहिबा। 

क्लब द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार दयालबाग राइफल क्लब का मूल उद्देश्य नवयुवकों और नवयुवतियों में खेल चेतना जागृत करने के साथ-साथ आत्म–रक्षा के लिए राइफल संचालन की योग्यता विकसित करना है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु क्लब प्रतिदिन प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से युवाओं को जागरूक करता है और व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान करता है।

क्लब में वर्तमान में लगभग 1200 आजीवन सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें सेना के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी- जैसे मेजर जनरल, ब्रिगेडियर और कर्नल, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। क्लब द्वारा प्रत्येक वर्ष अपने सदस्यों के लिए नियमित रूप से शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।

इस वर्ष आयोजित प्रतियोगिता में कुल 100 सदस्यों ने भाग लिया, जिनमें महिलाएं, पुरुष एवं पूर्व चैंपियंस शामिल रहे। प्रारंभिक चयन के उपरांत फाइनल चरण के लिए चयनित प्रतिभागियों ने आज दयालबाग राइफल रेंज पर 25 मीटर और 50 मीटर रेंज में अपने कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब गुरु महाराज एवं आदरणीय रानी साहिबा की दिव्य एवं स्नेहिल उपस्थिति प्रतियोगिता स्थल पर रही। उनके आशीर्वचन ने प्रतिभागियों में अनुशासन, धैर्य और समर्पण की भावना को और प्रबल किया।

प्रतियोगिता में विजेता रहे- प्रियदर्शिनी, डॉ. निहार, आलोक यादव, नामरतन, भारत भूषण एवं आनंद कुमार। वहीं चैंपियंस श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नंदिता सतसंगी, अचरज दयाल और प्रकाश साहनी ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

कार्यक्रम के सफल संचालन में कर्नल एस. के. सतसंगी एवं कर्नल रवि प्रकाश की प्रमुख भूमिका रही। समस्त आयोजन एवं व्यवस्थाओं का कुशल प्रबंधन स्वामी दयाल सिंह (सचिव), दयालबाग राइफल क्लब द्वारा किया गया, जिसकी सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा क्लब की भावी गतिविधियों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।

SP_Singh AURGURU Editor