जिला बदर अपराधियों की अधिवक्ता को धमकी, जान से मार देंगे
आगरा। वरिष्ठ अधिवक्ता कोमल सिंह वर्मा को दो जिला बदर अपराधियों ने जान से मारने की धमकी दी है। भयभीत अधिवक्ता ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर जानमाल की सुरक्षा मांगी है।
पीलाखार निवासी अधिवक्ता कोमल सिंह वर्मा ने इसी मोहल्ले के जिला बदर अपराधियों वीरेंद्र प्रजापति और संजय प्रताप प्रजापति के आपराधिक इतिहास का ब्यौरा देते हुए पुलिस आयुक्त को बताया है कि ये दोनों अपराधी जमीनों पर कब्जा करने का ठेका लेते हैं और लोगों को जान से मारने की धमकी देते हैं। इन्होंने एक संपत्ति को लेकर जबरन कब्जा करने की कोशिश की, जिसका उन्होंने विरोध किया। इसके बाद दोनों अपराधियों ने अधिवक्ता को फोन पर हाथ-पैर तोड़कर जान से मारने की धमकी दी।
अधिवक्ता ने अपने शिकायत पत्र में दोनों अपराधियों का अपराधिक इतिहास संलग्न किया है, जिसमें बताया गया है कि उनके खिलाफ लगभग 20 मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं और उन्हें प्रशासन द्वारा जिला बदर किया गया है। अधिवक्ता ने पुलिस कमिश्नर से अपनी जान की सुरक्षा की मांग की है और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।