‘धिति-2’ में झलकी दिव्यता: आगरा में भारतनाट्यम की अद्भुत प्रस्तुतियों ने बांधा समां, हर भाव में दिखा ईश्वर से जुड़ाव

आगरा। भारतीय शास्त्रीय नृत्य की दिव्यता और आध्यात्मिकता से सराबोर कार्यक्रम ‘धिति-2’ में भारतनाट्यम नृत्यांगना आंचल जैन के शिष्यों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में आयोजित इस नृत्य संध्या में हर प्रस्तुति के माध्यम से देवताओं को नमन करते हुए भारतीय संस्कृति की गहराई को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

Apr 5, 2026 - 19:48
 0
‘धिति-2’ में झलकी दिव्यता: आगरा में भारतनाट्यम की अद्भुत प्रस्तुतियों ने बांधा समां, हर भाव में दिखा ईश्वर से जुड़ाव
होटल पीएल पैलेस में रविवार की सायं आयोजित धिति-2 कार्यक्रम में भरतनाट्यम की प्रस्तुतियां देतीं बालिकाएं।

कार्यक्रम का शुभारंभ गजल गायक सुधीर नारायण, खेलगांव की संस्थापक मीरा गुप्ता, स्पिक मैके के क्षेत्रीय समन्वयक दीपक प्रहलाद अग्रवाल एवं आगरा बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष बीना लवानिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य लोगों ने भारतीय नृत्य कला के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम की क्रिएटर आंचल जैन ने बताया कि वह जयपुर हाउस स्थित विनियम भरतनाट्यम क्लासेस के माध्यम से युवाओं को इस शास्त्रीय नृत्य की विधा में प्रशिक्षित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘धिति’ के माध्यम से भारतनाट्यम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है, क्योंकि वर्तमान में भारत के अधिकांश लोग इस विधा से पूरी तरह परिचित नहीं हैं।

कार्यक्रम में आंचल जैन के छात्राओं- गौरी, काम्या, वेदिका, जीविषा, समरिया, मानसी, तनिष्का और काव्या ने पुष्पांजलि, महा गणपति, स्वागतं कृष्णा, अयेगिरी नंदिनी, नटेश कवौत्थम एवं श्री रामचंद्र जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर भक्ति और कला का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। वहीं आंचल जैन ने स्वयं शिव अष्टकम की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

आंचल जैन ने अपना प्रशिक्षण श्रीमती कल्पना मल्लिक एवं सौरव दास से प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि भारतनाट्यम केवल नृत्य नहीं, बल्कि ईश्वर को समर्पित एक साधना है और इसे जन-जन तक पहुंचाना उनका संकल्प है।

कार्यक्रम का संचालन वृंदा बंसल (भरतनाट्यम नृत्यांगना) एवं उर्वी मित्तल द्वारा किया गया। इस अवसर पर 70 वर्ष की आयु में भी अपने जुनून को जीवित रखने वाली श्रीमती स्नेहलता गुप्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो हस्तनिर्मित वस्तुएं बनाकर प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं।

कार्यक्रम में श्रीमती प्रतिभा तालेगांवकर, श्रीमती रोशनी गिदवानी, श्रीमती तरु छाया, श्री अभिषेक निगम, श्री गिधारी लाल शर्मा, राशि जौहरी एवं ज्योति खंडेलवाल सहित अनेक कलाकार उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में सीए आशीष जैन, जिनेंद्र कुमार जैन, श्रीमती सोनिया मित्तल, डॉ. अनुपम शर्मा, डॉ. भारती बंसल, डॉ. अमित चंद्रा, सीए गौरव बंसल एवं इंजीनियर अमित प्रकाश की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।

SP_Singh AURGURU Editor