आगरा कॉलेज में मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेला, हजारों युवाओं को मिला सुनहरा अवसर
आगरा कॉलेज में आयोजित मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले में 40 से अधिक कंपनियों द्वारा 3200 पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मेले का उद्घाटन करते हुए युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। मेले में निःशुल्क सहभागिता, आकर्षक वेतनमान और हजारों युवाओं की उपस्थिति इसे एक सफल एवं प्रभावशाली आयोजन बनाती है।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया उद्घाटन, बोले-“हर हाथ को रोजगार सरकार का संकल्प”
आगरा। आज क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा एवं आगरा कॉलेज, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन आगरा कॉलेज के नवनिर्मित आचार्य गंगाधर शास्त्री मंडपम परिसर में प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें आगरा मंडल के विभिन्न जनपदों से आए हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
40 से अधिक कंपनियां, 3200 रिक्त पद
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की। इन कंपनियों द्वारा लगभग 3200 रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों के सीधे साक्षात्कार आयोजित किए गए। चयनित अभ्यर्थियों को आगामी चरणों में कंपनियों द्वारा नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री ने किया शुभारंभ
रोजगार मेले का उद्घाटन उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश शासन योगेंद्र उपाध्याय द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने कैबिनेट मंत्री को सलामी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने की, जबकि मंच संचालन प्रो. शेफाली चतुर्वेदी द्वारा किया गया।
₹8,000 से ₹40,500 तक वेतन के अवसर
सेवायोजन विभाग के सहायक निदेशक चंद्रचूड़ दुबे ने बताया कि वर्ष 2020 से रोजगार मिशन के अंतर्गत इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेले में ₹8,000 से ₹40,500 प्रतिमाह तक वेतन वाले रोजगार उपलब्ध हैं और अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा, जो इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता है।
युवाओं से संवाद: रोजगार व स्वरोजगार पर जोर
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत प्रचारक दिनेश जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से रोजगार सृजन की एक मजबूत परंपरा विकसित हुई है, जिससे युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।
“विकसित भारत” में युवाओं की अहम भूमिका
मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि आगरा कॉलेज की भूमि पंडित गंगाधर शास्त्री जी द्वारा शिक्षा के लिए दान की गई थी, जहाँ आज हजारों विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और “हर हाथ को रोजगार” के संकल्प के साथ प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
5000 पौधों का दान, वृक्षारोपण की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी हितेश लवानिया द्वारा आगरा कॉलेज को 5000 पौधों का दान दिया गया, जिनका वृक्षारोपण कॉलेज परिसर में प्रारंभ कर दिया गया।
सम्मान एवं आभार
समापन अवसर पर सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने उत्तर प्रदेश सरकार की रोजगार योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आगरा कॉलेज में महाराजा अग्रसेन शोधपीठ की स्थापना हेतु कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में अकादमिक स्टाफ कॉलेज स्थापित करने के प्रयासों की जानकारी भी दी।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे प्रमुख चेहरे
कार्यक्रम में सहायक निदेशक सेवायोजन चंद्रचूड़ दुबे, जिला सेवा योजन अधिकारी मथुरा सुगंधा जैन, जिला सेवायोजन अधिकारी आगरा सौरभ, आगरा कॉलेज के उप-प्राचार्य प्रोफेसर पी. वी. झा, प्रोफेसर भूपेंद्र कुमार चिकारा, प्रोफेसर शशिकांत पांडे, प्रोफेसर विक्रम सिंह, प्रोफेसर विजय कुमार सिंह,प्रोफेसर मृणाल शर्मा, प्रोफेसर संध्या यादव, प्रोफेसर गौरव कौशिक, प्रोफेसर शिवकुमार सिंह, प्रोफेसर श्याम गोविंद सिंह, प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रोफेसर दीपाली सिंह, प्रोफेसर दीपक उपाध्याय, प्रोफेसर आशीष तेजस्वी, डॉ आनंद प्रताप सिंह, डा. अमरेश बाबू, डॉ राम प्रकाश पाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।