श्रीमनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर धुनों की दिवाली: ‘शो योर टैलेंट’ ने यात्रियों के दिलों में जलाई खुशी की लौ

आगरा। आगरा मेट्रो ने दिवाली से पूर्व श्रीमनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन को संगीतमय रंगों से सराबोर कर दिया। शो योर टैलेंट के मंच पर आयोजित इस विशेष संध्या में कलाकारों ने ऐसा माहौल बनाया कि यात्री भी खुद को तालियों और ठुमकों से रोक नहीं पाए।

Oct 12, 2025 - 18:27
 0
श्रीमनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर धुनों की दिवाली: ‘शो योर टैलेंट’ ने यात्रियों के दिलों में जलाई खुशी की लौ
श्रीमनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर रविवार को आयोजित शो योर टैलेंट मंच पर प्रस्तुति देते कलाकार।

‘द रॉक-शटर अकादमी’ के बैंड ने मेट्रो स्टेशन को मिनी कॉन्सर्ट स्थल में बदल दिया। रोनित ने मोहम्मद रफ़ी के अंदाज़ में ‘चला जाता हूँ’ गीत गाकर शुरुआत की तो यात्रियों के चेहरों पर मुस्कान बिखर गई। इसके बाद गौरांग गुप्ता ने ‘छूकर मेरे मन को’ और ‘चाहूं मैं या ना’ जैसे सुरम्य गीतों से माहौल को रोमांटिक रंग दिया। गीतकार शिवम ने ‘गुलाबी आँखें’ और ‘मेरे महबूब’ की मधुर तानें छेड़कर मन मोह लिया।

श्रीमनःकामेश्वर स्टेशन पर हर तरफ संगीत की गूंज थी। यात्रियों ने अपने मोबाइल कैमरों में इन यादगार पलों को कैद किया। 

आगरा मेट्रो प्रबंधन ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम न केवल यात्रियों के सफ़र को मनोरंजक बनाते हैं बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन भी देते हैं। भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहेंगे।

जो कलाकार, समूह या संस्थान इसमें भाग लेना चाहते हैं, वे आगरा मेट्रो के जनसंपर्क विभाग (8303693505) से संपर्क कर सकते हैं या अपने नजदीकी मेट्रो स्टेशन पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor