आगरा में एमजी रोड दो पर एलिवेटेड रोड के लिए डीएम ने दिए सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
आगरा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बांगरी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कई अहम कदम उठाए गए। डीएम ने जिले की सीमा में एनएच-19 के चौड़ीकरण और एमजी रोड-2 पर एलिवेटेड रोड बनाए जाने के लिए सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
-गोल्डन ऑवर में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वालों को मिलेगा ₹25 हजार का इनाम
गोल्डन ऑवर में घायलों की मदद करने पर मिलेगा इनाम
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को यदि कोई राहगीर गोल्डन ऑवर (दुर्घटना के तुरंत बाद का महत्त्वपूर्ण समय) के भीतर अस्पताल पहुंचाता है तो उसे 25,000 रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही, ऐसे मददगार व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और पुलिस द्वारा कोई अनावश्यक पूछताछ नहीं की जाएगी। यह कदम सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
दुर्घटनाओं के आंकड़ों ने खींचा ध्यान, ओडीआर सबसे खतरनाक
जनवरी 2025 से जून 2025 के बीच जनपद में 397 मौतें सड़क हादसों में हुईं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 331 था। समीक्षा में पाया गया कि सबसे अधिक दुर्घटनाएं ग्रामीण सड़कों पर हुईं, जहां 205 लोगों की मौत हुई। इसके अतिरिक्त एक्सप्रेसवे पर 16, नेशनल हाईवे पर 94, स्टेट हाईवे पर 23, एमडीआर पर 38 और वीआर पर 21 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई।
आईआरएडी पोर्टल पर जून माह में 114 हादसे दर्ज
बैठक में बताया गया कि डेवलेपमेंट एंड इम्प्लीमेंटेशन ऑफ इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस (आईआरएडी) के पोर्टल पर जून 2025 में जनपद में कुल 114 सड़क हादसों की रिपोर्टिंग हुई है। इन आंकड़ों के विश्लेषण के बाद यातायात सुरक्षा के लिए ठोस रणनीति पर जोर दिया गया।
स्कूली वाहनों की फिटनेस अनिवार्य, न मानने पर होगी एफआईआर
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो स्कूली वाहन बार-बार निर्देश देने के बावजूद फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं बनवा रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर सूचीबद्ध किया जाए। उन्हें एक सप्ताह का नोटिस दिया जाएगा। तय समय में अनुपालन न होने पर ऐसे वाहनों को सीज करने और संबंधित प्रबंधकों पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों और प्रधानाचार्यों की रही उपस्थिति
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) प्रशांत तिवारी, आरएम रोडवेज बीपी अग्रवाल, एआरटीओ (प्रवर्तन) आलोक अग्रवाल, अपर नगर आयुक्त शिशिर सिंह, अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग) राघवेंद्र सिंह वर्मा, बीएसए जितेन्द्र कुमार गौड़, एनएचएआई के प्रतिनिधि व विभिन्न विद्यालयों की प्रबंध समितियों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।