डॉक्टर–सीए मैदान में उतरेः गणतंत्र दिवस पर बल्ले–गेंद से दिया ‘हेल्थ इज़ वेल्थ’ का संदेश

आगरा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आगरा में एक अलग ही राष्ट्रभाव देखने को मिला, जब सफेद कोट और फाइलों की दुनिया से निकलकर हड्डी रोग विशेषज्ञों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने क्रिकेट के मैदान में उतरकर यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर ही सशक्त राष्ट्र की नींव है।

Jan 26, 2026 - 22:06
 0
डॉक्टर–सीए मैदान में उतरेः गणतंत्र दिवस पर बल्ले–गेंद से दिया ‘हेल्थ इज़ वेल्थ’ का संदेश
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी और आगरा सीए ब्रांच ऑफ एसोसिएशन के मध्य सोमवार को घेले गये क्रिकेट मैच की एक झलक।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी और आगरा सीए ब्रांच ऑफ एसोसिएशन के मध्य एक भव्य मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन चिल्ड्रन एकेडमी, दयालबाग के सुंदर और खुले मैदान में किया गया। सूर्य की स्वर्णिम रोशनी में खेले गए इस मुकाबले ने खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता को एक मंच पर लाकर खड़ा कर दिया।

मैच केवल खेल नहीं रहा, बल्कि यह ‘हेल्थ इज वेल्थ’ के विचार का जीवंत प्रदर्शन बन गया। दोनों संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में परिवार सहित उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन आईएमए अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग को स्वयं खेल के माध्यम से उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए, ताकि आमजन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो।

विशेष रूप से उपस्थित नीतेश गुप्ता (सीनियर एक्स प्रेसिडेंट) ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यस्त पेशेवर जीवन में खेल को स्थान देना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

मैच के समापन पर आगरा सीए ब्रांच के अध्यक्ष गौरव सिंघल और आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. अनुपम गुप्ता ने संयुक्त रूप से सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और उपस्थित परिवारजनों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. गौरव राजपाल सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor