अमेरिका में डोनाल्ड़ ट्रम्प निर्णायक जीत की ओर
वाशिंगटन। अमेरिकी चुनाव के नतीजे आने लगे हैं। रिपब्लिकन प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप जीत के करीब पहुंच चुके हैं। विश्लेषकों की मानें तो ट्रम्प की जीत लगभग निश्चित है। वहीं डेमोक्रेट प्रत्याशी कमला हैरिस काफी पिछड़ गई हैं। 270 सदस्यीय इलेक्टोरल कालेज में ट्रम्प को 267 सीटें मिल गई हैं, जबकि कमला हैरिस को 226 इलेक्टोरल कालेज वोट मिले हैं। इसके साथ ही अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को सीनेट में बहुमत मिल गया है। रिपब्लिकन पार्टी के 51 और डेमोक्रेटिक पार्टी के 42 उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है। यह भी इशारा करता है कि ट्रम्प की जीत अब लगभग पक्की है।
सबसे बड़े स्विंग स्टेट के तौर पर मशहूर पेंसेल्वेनिया में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को जीत हासिल हो गई है। पेंसेल्वेनिया में 19 इलेक्टोरल वोट थे, जिनमें ट्रम्प को बहुमत मिल गई है। सातों स्विंग स्टेट में ट्रंप ने पहले से ही बढ़त बना रखी थी। दोपहर 12 बजे तक के रुझानों के मुताबिक पेंसेल्वेनिया, मिशिगन, विस्कॉन्सिन, जॉर्जिया, नेवादा, एरिजोना और नॉर्थ कैरोलिना में ट्रंप को बढ़त मिली है। फॉक्स न्यूज के मुताबिक अमेरिकी चुनाव में एक बार फिर से डोनाल्ड ट्रंप को बढ़त मिल गई है। कैलिफोर्निया और वॉशिंगटन के रुझानों से कमला हैरिस के आंकड़े सुधरे हैं, लेकिन वो अभी भी ट्रंप से पीछे चल रही हैं। वैसे अमेरिका में समाचार लिखे जाने तक मतगणना जारी थी।
जनसंख्या के आधार पर राज्यों को इलेक्टोरल कॉलेज के वोट दिए जाते हैं। कुल 538 इलेक्टोरल कॉलेज वोट के लिए मतदान होता है। 270 या उससे अधिक इलेक्टोरल वोट पाने वाले उम्मीदवार को चुनाव में विजेता घोषित किया जाता है। अमेरिका में 50 राज्य हैं और उनमें से अधिकतर राज्य हर चुनाव में एक ही पार्टी को वोट देते रहे हैं, सिवाय ‘स्विंग’ राज्यों के।
उद्योगपति एलन मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के साथ मतगणना देख रहे हैं। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। एक पोस्ट में ट्रंप ने लिखा आज रात अमेरिका के लोगों ने बदलाव के लिए स्पष्ट जनादेश दिया। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने सोशल मीडिया और लोगों को असली मीडिया बताया। एलन मस्क ने 2024 के राष्ट्रपति चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया था।