सर्पदंश से डरें नहीं, तुरंत इलाज कराएं, एसएन मेडिकल कॉलेज में चला जागरूकता अभियान

आगरा। बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा में अंतर्राष्ट्रीय सर्प दंश जागरूकता दिवस पर शुक्रवार को विशेष अभियान आयोजित किया गया। मेडिसिन, कम्युनिटी मेडिसिन और फॉरेंसिक मेडिसिन विभागों की संयुक्त पहल में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने साफ कहा कि सर्पदंश से घबराना नहीं, बल्कि तत्काल इलाज कराना ही जीवन बचाने का सबसे कारगर उपाय है।

Sep 19, 2025 - 21:42
 0
सर्पदंश से डरें नहीं, तुरंत इलाज कराएं, एसएन मेडिकल कॉलेज में चला जागरूकता अभियान
अंतर्राष्ट्रीय सर्प दंश जागरूकता दिवस पर शुक्रवार को एसएन मेडिकल कॊलेज में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सकगण।

अभियान की शुरुआत कॉलेज परिसर में जनजागरूकता नाट्य रूपांतरण से हुई, जिसमें छात्रों ने आम जनता को सर्पदंश से बचाव और इसके त्वरित उपचार की जानकारी दी। इसके बाद मेडिसिन विभाग के एलटी-4 में एक कार्यशाला आयोजित हुई।

कार्यशाला में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. टीपीबी सिंह, डॉ. मनीष बंसल, डॉ. गीतू सिंह, डॉ. ऋचा गुप्ता, डॉ. आशीष गौतम और डॉ. चंद्र प्रकाश ने भाग लिया। इसमें चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को सर्पदंश से जुड़ी जटिलताओं, उपचार पद्धतियों और मेडिको-लीगल पहलुओं की जानकारी दी गई।

डॉ. मनीष बंसल ने कहा कि इलाज में देरी ही जटिलताओं और मौत की बड़ी वजह है। डॉ. टीपी सिंह का कहना था कि अस्पतालों में एंटी-वेनम दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, समय पर मरीज पहुँच जाए तो जान बचाना संभव है। डॉ. ऋचा गुप्ता ने कहा कि सर्पदंश के मामलों में मेडिको-लीगल प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। वहीं डॉ. गीतू सिंह ने बताया कि जागरूकता पखवाड़ा 28 सितंबर तक चलेगा, विभिन्न माध्यमों से जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा, यह अभियान समाज को शिक्षित करने का महत्वपूर्ण कदम है। सही समय पर इलाज मिलने से अनगिनत जीवन बचाए जा सकते हैं। हमारा प्रयास है कि लोग डरें नहीं, बल्कि तुरंत चिकित्सीय मदद लें।

SP_Singh AURGURU Editor