आगरा में घर-घर दस्तक अभियान: स्वास्थ्य टीमें दरवाजे पर पहुंच जानेंगी आपकी सेहत का हाल
आगरा। जिले में संचारी रोगों से बचाव और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए 5 से 31 अक्टूबर तक विशेष दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर आमजन से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेंगी, बच्चों और बड़ों की जांच करेंगी, और रोग रोकथाम के उपाय बताएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स घर-घर जाकर पूछेंगी कि किसी को बुखार, खांसी, एलर्जी, कुष्ठ रोग या टीबी तो नहीं है। साथ ही बच्चों का वजन निर्धारित मानकों से कम होने पर चिन्हांकन कर उनका विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका उपचार किया जा सके।
वेक्टर बोर्न रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं और रोग रोकथाम के तरीकों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स क्लोरीन की गोलियां लेकर घर-घर जाएंगे और बुखार या अन्य लक्षण दिखने पर 108 नंबर एम्बुलेंस के माध्यम से तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने सभी से कहा कि अपने मन से दवा का सेवन नहीं करना चाहिए।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान मच्छरों के अधिक प्रजनन वाले क्षेत्रों और मकानों की सूची तैयार की जाएगी। इन स्थानों पर मच्छर मारने की दवा का छिड़काव किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से हाथ धोने की आदत को जरूरी बताया, क्योंकि साफ हाथ डायरिया, फ्लू और अन्य संचारी रोगों से बचाव में मदद करते हैं।
इस अभियान से जिले में संचारी रोगों का समय पर पता लगाना और उनका प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। दस्तक अभियान आमजन के लिए स्वास्थ्य जागरूकता का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।