आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक में जा घुसी डबल डेकर बस, तीन की मौत और दो घायल
फिरोजाबाद। शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से जालौन जा रही सवारी डबल डेकर बस फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थाना क्षेत्र में पत्थर से लदे ट्रक से जा टकराई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री घायल हो गए।
-फिरोजाबाद जिले की सीमा में नगला खंगर थाना क्षेत्र में रात दो बजे हुआ हादसा
ड्राइवर को आई नींद की झपकी, हुआ हादसा
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के वक्त सभी सवारियां गहरी नींद में थीं। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अधिकतर यात्रियों को बड़ा झटका लगा। आगे बैठे यात्रियों में से तीन लोगों की जान चली गई और दो घायल हो गए।
यात्रियों की चीख-पुकार, राहत कार्य
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्री बस में फंस गए थे। सूचना मिलते ही नगला खंगर थाना पुलिस और यूपीडा की राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और फंसे लोगों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
एक मृतक की पहचान, 50 लोग थे सवार
बस में कुल 50 से अधिक यात्री सवार थे। एक मृतक की पहचान हो चुकी है, अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।