डॊ. मधु भारद्वाज बनीं ब्राह्मण महासभा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष, वृंदावन अधिवेशन में घोषणा

आगरा। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा, उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी का प्रांतीय अधिवेशन वृंदावन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. बीडी शर्मा ने अधिवेशन में सवर्ण आयोग के गठन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने डॉ. मधु भारद्वाज को राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ के पद पर मनोनीत करने की औपचारिक घोषणा भी की। डॊ. भारद्वाज अब तक संगठन के महिला प्रकोष्ठ में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

Jun 25, 2025 - 12:27
 0
डॊ. मधु भारद्वाज बनीं ब्राह्मण महासभा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष, वृंदावन अधिवेशन में घोषणा

अधिवेशन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पं. त्रिभुवन शर्मा ने की, जिन्होंने ब्राह्मण समाज को आरक्षण दिए जाने की मांग दोहराई। विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने ब्राह्मण समाज को संगठित, शिक्षित और संस्कारित करने पर जोर दिया।

महिला प्रकोष्ठ की नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॊ. मधु भारद्वाज ने रुनकता को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग प्रमुखता से रखी, जिसे सभा में व्यापक समर्थन मिला। विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में नए पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी की गईं। मंच संचालन प्रदेश महामंत्री आचार्य राजेश शर्मा एवं डॉ. मधु भारद्वाज ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में आगरा से अरुण कान्त सारस्वत, ममता पचौरी, दीप्ति भार्गव, सुनीता झा, कल्पना शर्मा, वंदना तिवारी, अनुपम चतुर्वेदी, उपलब्धि भारद्वाज, शशांक भार्गव, अमोल शर्मा, अरुणा भार्गव, राजकुमारी पाराशर, रामेन्द्र शर्मा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष मथुरा दुष्यंत शर्मा एवं महिला प्रकोष्ठ की अनुराधा शर्मा ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor