डॉ. शाहीन के लखनऊ में पैतृक आवास पर छापा, पिता बोले- बेटी को लेकर भरोसा नहीं हो रहा
लखनऊ। दिल्ली में लाल किले पास हुए विस्फोट के मामले में फरीदाबाद से कल गिरफ्तार की गई डॉ. शाहीन के लखनऊ स्थित आवास पर मंगलवार को जांच एजेंसी की टीमों ने छापेमारी की। शाहीन का परिवार डालीगंज क्षेत्र के मकान नंबर 121 में रहता है। पिता ने बताया कि शाहीन लंबे समय से घर से दूर थी और फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में कार्यरत थी।
फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से डॉ. शाहीन की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी की टीम मंगलवार को लखनऊ पहुंची। टीम ने डॉ. शाहीन के लालबाग क्षेत्र स्थित आवास पर छापेमारी की, जहां से कुछ दस्तावेज़ जब्त किये जाने की सूचना है।
शाहीन के पिता ने बताया कि उनका परिवार पहले डालीगंज के मकान नंबर 121 में रहता था। शाहीन तीन भाई-बहनों में दूसरी संतान है। बड़े बेटे शोएब अपने पिता के साथ लखनऊ में रहते हैं, जबकि तीसरे नंबर का बेटा परवेज दिल्ली-एनसीआर में कार्यरत है। आज सुबह परवेज के घर पर भी छापेमारी की गई।
पिता ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि शाहीन किसी अवैध गतिविधि में शामिल हो सकती है। उसने इलाहाबाद से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी और फरीदाबाद में कई वर्षों से नौकरी कर रही थी। उसकी शादी महाराष्ट्र के एक व्यक्ति से हुई थी और वह काफी समय से हमसे अलग रह रही थी।
उधर अल-फलाह यूनिवर्सिटी के एक सूत्र के अनुसार, डॉ. शाहीन, डॉ. उमर मोहम्मद और डॉ. मुजम्मिल तीनों वरिष्ठ चिकित्सक हैं। जबकि सोमवार को हिरासत में लिए गए छह लोगों में अधिकांश इसी संस्थान के जूनियर डॊक्टर हैं। बताया गया कि इस विश्वविद्यालय में लगभग 40 प्रतिशत चिकित्सा छात्र जम्मू-कश्मीर से हैं।
सूत्रों के अनुसार,अल-फलाह यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी। जांच एजेंसियां अब विश्वविद्यालय के मेडिकल विभाग, फंडिंग सोर्स और स्टाफ प्रोफाइल से संबंधित दस्तावेज़ों की गहन पड़ताल कर रही हैं।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि शाहीन के फरीदाबाद स्थित आवास से भी कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, लैपटॉप और फाइलें जब्त की गई हैं। एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या किसी नेटवर्क से उसका सीधा या परोक्ष संबंध था।