द्रौपदी द अनबाउड स्पिरिट : आगरा में नारी शक्ति, साहस और आत्मसम्मान की होगी भव्य प्रस्तुति
आगरा। महाभारत की पांचाली द्रौपदी आगरा के सूरसदन मंच पर सजीव होगी। शी विल इंस्पायर संस्था द्वारा दैनिक जागरण के सहयोग से 16 नवम्बर को आयोजित यह भव्य नाट्य प्रस्तुति नारी के आत्मबल, स्वाभिमान और चेतना का अद्वितीय उत्सव बनेगी। मंचित होने जा रही नृत्य नाटिका द्रौपदी – द अनबाउड स्पिरिट का मंगलवार को पोस्टर विमोचन हुआ।
संस्था की संस्थापक राशि गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम 16 नवम्बर, रविवार को शाम 4 बजे सूरसदन, आगरा में आयोजित होगा। दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ होने वाले इस आयोजन में वॉक ऑफ स्ट्रेंथ जैसी विशेष प्रस्तुति और संस्था पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी।
राशि गर्ग ने कहा कि द्रौपदी- द अनबाउड स्पिरिट केवल एक नाट्य मंचन नहीं, बल्कि स्त्री की आत्मचेतना, साहस और स्वाभिमान का उत्सव है।
इस आयोजन से प्राप्त सहयोग टीयर्स मंदबुद्धि संस्था के विशेष बच्चों की सहायता हेतु समर्पित किया जाएगा।
कार्यक्रम की मुख्य प्रस्तुति में बेंगलुरु की प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं अंतरराष्ट्रीय कलाकार अंजना चांडक मंच पर महाभारत की अदम्य नायिका द्रौपदी को सजीव रूप में प्रस्तुत करेंगी। उनका यह एकल नाट्य अभिनय स्त्री के भीतर छिपी उस अजेय शक्ति को प्रकट करेगा, जो परिस्थितियों के आगे झुकने के बजाय अन्याय के विरुद्ध स्वर बुलंद करती है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर पूजा लूथरा, कीर्ति, कृतिका, सुनैना, नेहा अग्रवाल, हरमीत, आशिमा, प्रीति जैन, नियति, डिंपल राज, आयुषी, रुचि, दीपिका, तनु, पूजा असवानी, नूपुर, सानिया डावर और दिव्या गुप्ता सहित अनेक गणमान्य महिलाएँ उपस्थित रहीं।