संगठन की बैठक के चलते भाजपा के चार नेता ही सीएम के स्वागत को पहुंचे एयरपोर्ट

आगरा। अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस की आगवानी करने आगरा खेरिया एयरपोर्ट पर आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत के लिए भाजपा की ओर से केवल चार नेता ही पहुंच सके।

Apr 23, 2025 - 13:23
 0
संगठन की बैठक के चलते भाजपा के चार नेता ही सीएम के स्वागत को पहुंचे एयरपोर्ट
खेरिया एयरपोर्ट के लाउंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हैं विधायक छोटेलाल वर्मा, राकेश गर्ग, श्याम भदौरिया और प्रदीप भाटी।

बरेली में होनी थी संगठन की बैठक, वह भी हो गई स्थगित 

बीच रास्ते से लौटते में सीएम का स्वागत न कर पाने का मलाल करते रहे भाजपाई 

बाकी के नेता व जनप्रतिनिधि बरेली में संगठन की बैठक के चलते नहीं पहुंच सके। बीच रास्ते में ही सभी को सूचना मिली कि बैठक स्थगित कर दी गई। इसको लेकर वे मलाल कर रहे हैं कि न तो बैठक हुई और न ही वे सीएम योगी का स्वागत करने जा पाए। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे लखनऊ से आगरा एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनकी आगवानी मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बांगरी सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने की। सिविल एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सीएम योगी एयरपोर्ट के लाउंज में पहुंचे। 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस की सुरक्षा और स्वागत की जानकारी ली और हिदायत दी कि किसी प्रकार की चूक न हो। बाद में एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचकर सीएम योगी ने अमेरिकी उप राष्ट्रपति वेंस की आगवानी की। अमेरिकी उप राष्ट्रपति के ताजमहल के लिए रवाना होने के बाद वह फिर लाउंज में आकर बैठ गए। इस बीच राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त राकेश गर्ग, विधायक छोटेलाल वर्मा, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन प्रदीप भाटी और पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया मुख्यमंत्री के स्वागत को पहुंच गए। 

अमेरिकी उप राष्ट्रपति के ताजमहल में पहुंचने तक सीएम योगी लाउंज में ही बैठे रहे। इस दरम्यान श्याम भदौरिया ने मुख्यमंत्री योगी से चंबल सफारी और बाह क्षेत्र में स्टेडियम की मांग रखी। सीएम ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाया। जैसे ही उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों से अमेरिकी उप राष्ट्रपति के ताज के अंदर प्रवेश करने की जानकारी मिली, वह एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।