रक्त स्वाभिमान रैली के चलते कई स्कूलों में छुट्टी तो कइयों में हाफ डे
आगरा। वीर योद्धा महाराणा सांगा के संबंध में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में आज आगरा के गढ़ी रामी क्षेत्र में "रक्त स्वाभिमान रैली" का आयोजन किया जा रहा है।
इस रैली में आसपास के राज्यों और सैकड़ों गांवों से भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर के कई विद्यालयों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई, वहीं कुछ स्कूलों में हाफ डे के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया। भीड़भाड़ और यातायात की संभावित समस्याओं को देखते हुए स्कूलों के अभिभावकों को पहले ही सूचित कर दिया गया था। कुछ निजी स्कूलों ने सुबह की शिफ्ट के बाद ही बच्चों को रवाना कर दिया, जबकि अन्य विद्यालयों में पूर्ण अवकाश घोषित कर दिया गया था।
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
रैली के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर में विभिन्न स्थानों पर पीएसी की नौ कंपनियां और स्थानीय पुलिस के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
सांसद रामजीलाल सुमन के आवास के बाहर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संभावित विरोध प्रदर्शन और किसी भी प्रकार की हिंसा को रोकने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में स्थिति को संभाला जा रहा है।
भीड़ और ट्रैफिक की आशंका
गढ़ी रामी में आयोजित रैली में राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। इससे न केवल जनसमूह एकत्र हुआ, बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है और आवश्यकतानुसार यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है।