100 मीटर तक घसीटता ले गया डंपर, मजदूर के चिथड़े उड़ने से मचा कोहराम, सड़क जाम कर फूटा गुस्सा
एत्मादपुर के पिपरिया गांव में बालू से भरे तेज रफ्तार डंपर ने पैदल जा रहे टाइल्स मिस्त्री अनुपम पॉल (32) को टक्कर मार दी। हादसे में वह करीब 100 मीटर तक डंपर में फंसकर घसीटता रहा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने एत्मादपुर-खंदौली मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगाया। एसडीएम के आश्वासन के बाद जाम खोला गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
आगरा। आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। पिपरिया गांव के पास बालू से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने पैदल जा रहे एक मजदूर को रौंद दिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि मजदूर डंपर में फंस गया और करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर डंपर को पकड़ लिया। इसके बाद चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मृतक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उसके अवशेष सड़क पर बिखर गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक की पहचान नगला मनी निवासी 32 वर्षीय अनुपम पॉल पुत्र भीकम पॉल के रूप में हुई है। अनुपम घरों में टाइल्स लगाने का काम करता था और अपनी पत्नी तथा चार वर्षीय बेटी के साथ रहता था। सोमवार सुबह वह रोज की तरह काम के सिलसिले में घर से निकला था और पिपरिया गांव की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
मृतक के भाई अनिरुद्ध पॉल ने बताया कि अनुपम टाइल्स फिटिंग का काम करता था। सुबह वह काम पर जाने के लिए निकला था, तभी एत्मादपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि परिवार को उसके मौत की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया।
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने एत्मादपुर-खंदौली मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
सूचना मिलते ही थाना एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
एसडीएम सुमित कुमार पहुंचे मौके पर

हादसे की जानकारी मिलने पर एत्मादपुर के उप जिलाधिकारी सुमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया। एसडीएम ने बताया कि मृतक के परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
उप जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद एत्मादपुर थाने के इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार डंपर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन के आश्वासन और समझाइश के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए तथा हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।