आगरा में बरसात के दौरान शिल्पग्राम में तेज धमाके के साथ छत का एक हिस्सा गिरा
आगरा। लगातार हो रही बारिश ने ताजमहल के पास स्थित शिल्पग्राम को भी नुकसान पहुंचाया है। मंगलवार को दोपहर के समय शिल्पग्राम परिसर के एक हिस्से की छत तेज धमाके के साथ अचानक गिर गई। इस हादसे से कुछ देर के लिए वहां मौजूद पर्यटकों और स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
शिल्पग्राम ताजमहल से लगभग 600 से 700 मीटर की दूरी पर स्थित है। यहां पर्यटकों के लिए सहायता केंद्र, पार्किंग और गोल्फ कार्ट सेवा उपलब्ध है, जिससे पर्यटक ताजमहल तक पहुंचते हैं। घटना के समय परिसर में कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने अचानक तेज धमाके की आवाज सुनी। छत गिरने की पुष्टि होते ही अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि न होने की जानकारी से सभी ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पर्यटन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।