क्रांति और जनजातीय गौरव की गूंज, एनसीसी की दो ऐतिहासिक साइकिल रैलियां मथुरा पहुंचीं

मथुरा। राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट्स द्वारा देश की वीर विरासत और स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को जीवंत करने के उद्देश्य से निकाली गई दो ऐतिहासिक साइकिल रैलियां मथुरा पहुंच गई हैं।

Jan 14, 2026 - 20:34
 0
क्रांति और जनजातीय गौरव की गूंज, एनसीसी की दो ऐतिहासिक साइकिल रैलियां  मथुरा पहुंचीं
मथुरा में पहुंची साइकिल यात्रा दल के सदस्य।

मथुरा। राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट्स द्वारा देश की वीर विरासत और स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को जीवंत करने के उद्देश्य से निकाली गई दो ऐतिहासिक साइकिल रैलियां  मथुरा पहुंच गई हैं। महाराष्ट्र से निकली “शौर्य के कदम, क्रांति की ओर” साइकिल रैली, जो महान योद्धा बाजीराव पेशवा की 1736 की ऐतिहासिक राह पर आधारित है, ब्रिगेडियर सचिन गवली के नेतृत्व में 1680 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण यात्रा पूरी करते हुए मथुरा पहुंची।

वहीं दूसरी ओर झारखंड की धरती से निकली वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथान, आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को समर्पित है। यह रैली कर्नल अनिल यादव के नेतृत्व में 1162 किलोमीटर की प्रेरणादायक यात्रा तय कर मथुरा पहुंची। दोनों रैलियों में कुल 28 एनसीसी कैडेट्स शामिल हैं, जिन्होंने अनुशासन, साहस और देशभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

मथुरा पहुंचने  पर दोनों साइकिल रैलियों का 10 यूपी बटालियन एनसीसी मथुरा द्वारा भव्य स्वागत किया गया। बटालियन के कमान अधिकारी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने पुष्पवर्षा और जोशीले नारों के साथ रैलियों का अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिनमें देशभक्ति गीतों और नृत्यों के माध्यम से कैडेट्स ने वीरों के शौर्य को नमन किया।

इस अवसर पर कर्नल अजय कुमार और कर्नल संजय जाधव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कैडेट्स के साहस, समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

दोनों साइकिल रैलियां मथुरा से होते हुए कल नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी, जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कैडेट्स को संबोधित किया जाएगा। यह यात्रा न केवल ऐतिहासिक स्मृतियों को जोड़ने का कार्य कर रही है, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और कर्तव्यबोध को भी सशक्त कर रही है।