आप नेता दुर्गेश पाठक के ठिकानों पर ईडी का छापा, सियासी हलचल तेज
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली एमसीडी में पार्टी के प्रभारी दुर्गेश पाठक के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले को लेकर की गई है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह छापेमारी किस केस से जुड़ी हुई है।
ईडी की इस कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है। पार्टी प्रवक्ताओं ने केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है और कहा कि आप की लोकप्रियता से घबराकर बीजेपी बदले की कार्रवाई कर रही है।
दुर्गेश पाठक आम आदमी पार्टी के रणनीतिकारों में गिने जाते हैं और दिल्ली के नगर निगम चुनावों में पार्टी को मिली सफलता में उनकी अहम भूमिका रही है। ऐसे में ईडी की इस कार्रवाई को सियासी नजरिए से भी देखा जा रहा है।